बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने की हाईलेवल बैठक शांति, सुरक्षा और साफ-सफाई पर विशेष जोर, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने की हाईलेवल बैठक

शांति, सुरक्षा और साफ-सफाई पर विशेष जोर, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

गोरखपुर। दीपक मीणा और डॉ. कौस्तुभ की अध्यक्षता में एनेक्सी सभागार में आगामी बकरीद पर्व को लेकर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग तथा पीस कमेटी के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि बकरीद आपसी भाईचारे और सौहार्द का पर्व है। सभी लोग इसे शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं और सामाजिक समरसता बनाए रखें। उन्होंने नगर निगम एवं संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कुर्बानी स्थलों, ईदगाहों और प्रमुख इलाकों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाए। कूड़ा उठान, सैनिटाइजेशन और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा लगातार गश्त की जाएगी। सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और अफवाह फैलाने या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाएं और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखें।

बैठक में गजेंद्र कुमार, वैभव शर्मा, ज्ञानेंद्र और दिनेश पुरी ने भी अपनी-अपनी तैयारियों की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बिजली, पानी, ट्रैफिक और सफाई व्यवस्था को लेकर विभागवार कार्ययोजना तैयार कर ली गई है।

सिटी मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम को निर्देशित किया गया कि वे पीस कमेटी के साथ समन्वय बनाकर क्षेत्रवार बैठकें करें और किसी भी विवाद की स्थिति में तत्काल हस्तक्षेप कर समाधान सुनिश्चित करें। संवेदनशील स्थानों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती के साथ सीसीटीवी निगरानी और जरूरत पड़ने पर ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की व्यवस्था की जाएगी।

बैठक में मौजूद पीस कमेटी के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।

Previous articleऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में थमा गोरखपुर का दवा कारोबार ऐतिहासिक बंदी में शामिल हुए हजारों व्यापारी, प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
Next articleरामगढ़ ताल में गूंजा जीत का जयघोष, 46वीं जूनियर रोइंग नेशनल चैंपियनशिप का भव्य समापन उत्तर प्रदेश ने शानदार प्रदर्शन कर जीता गोल्ड मेडल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here