जय प्रकाश ने अपर आयुक्त के रूप में संभाला पदभार
अनुभवी पीसीएस अधिकारी को मिली नई जिम्मेदारी, गोरखपुर मंडल में प्रशासनिक कार्यों को मिलेगी नई गति
गोरखपुर
गोरखपुर। 2012 बैच के वरिष्ठ पीसीएस अधिकारी जय प्रकाश ने मंडलायुक्त कार्यालय गोरखपुर पहुंचकर अपर आयुक्त के पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। उनके पदभार संभालते ही प्रशासनिक महकमे में नई ऊर्जा और कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है.
जय प्रकाश इससे पहले संतकबीरनगर, इटावा, लखनऊ और देवरिया सहित कई महत्वपूर्ण जनपदों में विभिन्न प्रशासनिक पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने राजस्व प्रबंधन, वित्तीय कार्यों और जनहित से जुड़े मामलों के प्रभावी संचालन में अपनी अलग पहचान बनाई। उनकी कार्यशैली हमेशा पारदर्शिता, अनुशासन और जवाबदेही के लिए जानी जाती रही है।
गोरखपुर मंडल में अपर आयुक्त के रूप में उनकी तैनाती को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि उनके अनुभव और प्रशासनिक दक्षता का लाभ मंडल में विकास कार्यों को गति देने, राजस्व प्रबंधन को सुदृढ़ करने और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में मिलेगा।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद जय प्रकाश ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण, प्रशासनिक पारदर्शिता और अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि मंडल स्तर पर विभागीय समन्वय को और मजबूत किया जाएगा, ताकि आम जनता को बेहतर और समयबद्ध प्रशासनिक सेवाएं मिल सकें।















