घर में चोरी की नीयत से घुसे तीन चोर ग्रामीणों के हत्थे चढ़े, पुलिस ने भेजा जेल परिवार की सतर्कता और पुलिस की तत्परता से बड़ी वारदात टली, कट्टा और चाकू बरामद

घर में चोरी की नीयत से घुसे तीन चोर ग्रामीणों के हत्थे चढ़े, पुलिस ने भेजा जेल

परिवार की सतर्कता और पुलिस की तत्परता से बड़ी वारदात टली, कट्टा और चाकू बरामद

सिद्धार्थनगर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के गुलहरिया गांव में रविवार तड़के चोरी की नीयत से घर में घुसे तीन चोरों को परिवार और ग्रामीणों की सतर्कता से पकड़ लिया गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और न्यायालय भेज दिया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, गुलहरिया गांव निवासी श्याम किशोर तिवारी शनिवार रात परिवार के साथ भोजन करने के बाद सो गए थे। रविवार भोर करीब साढ़े तीन बजे घर के भीतर संदिग्ध आहट सुनाई दी। आवाज सुनकर श्याम किशोर तिवारी की नींद खुल गई। उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए चुपचाप परिवार के अन्य सदस्यों को जगाया और धीरे-धीरे आवाज की दिशा में पहुंचे।

घर के भीतर तीन संदिग्धों को देखकर परिवार ने साहस का परिचय देते हुए एक चोर को दबोच लिया। शोर सुनकर अन्य सदस्य और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और बाकी दोनों आरोपियों को भी पकड़ लिया। इसके बाद तत्काल चौकी प्रभारी बिजौरा जयप्रकाश प्रसाद को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही रात्रि गश्त पर निकले चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर चौकी होते हुए त्रिलोकपुर थाने ले गए। पूछताछ में आरोपियों की पहचान शेहरे रजा पुत्र हबीबुल्ला, मोहम्मद इरशाद पुत्र मोहम्मद इकराम निवासी बिजौरा थाना त्रिलोकपुर तथा शाकिर अली पुत्र जाकिर अली निवासी कादिराबाद थाना डुमरियागंज के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो चाकू बरामद किए हैं। पीड़ित श्याम किशोर तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में परिवार की बहादुरी और चौकी प्रभारी बिजौरा जयप्रकाश प्रसाद व कांस्टेबल अर्जुन यादव की सक्रिय भूमिका की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

Previous articleराजघाट पुलिस की संवेदनशील पहल, गुमशुदा 8 वर्षीय बालक को सकुशल परिजनों से मिलाया रास्ता भटककर थाने पहुंचा था मासूम, सोशल मीडिया की मदद से खोजे गए परिजन
Next articleपुलिस मुठभेड़ में गौ-तस्कर गिरोह का सरगना गिरफ्तार, कुल 8 आरोपी दबोचे गए परसरामपुर पुलिस व एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में चार गोवंश, तमंचा और बाइक बरामद

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here