बारिश में ‘मैदान’ में उतरे नगर आयुक्त अजय जैन, सड़कों पर उतरकर परखी व्यवस्था
जलभराव पर जीरो टॉलरेंस—नाले जाम मिले तो मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश
गोरखपुर। अजय जैन ने बुधवार शाम हुई बारिश के बीच खुद सड़कों पर उतरकर नगर व्यवस्था की हकीकत परखी। अपर नगर आयुक्त के साथ शहर के विभिन्न इलाकों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए उन्होंने जलभराव और सफाई व्यवस्था पर कड़ा रुख अपनाया।
निरीक्षण के दौरान गोलघर, धर्मशाला ओवरब्रिज, असुरन, सिनेमा रोड, विजय चौक और सावित्री हॉस्पिटल जैसे प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर उन्होंने स्थिति का जायजा लिया। जहां-जहां पानी जमा मिला या नाले जाम पाए गए, वहां संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सावित्री हॉस्पिटल के सामने कूड़े से चोक नाले को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने साफ कहा कि ऐसी लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं होगी। संबंधित सफाई निरीक्षक को तुरंत प्रभाव से नाले की पूरी सफाई कराने और जलनिकासी सुचारु करने का आदेश दिया गया।
गोरखपुर में बारिश के दौरान जलभराव को लेकर उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया—“जनता को परेशानी हुई तो जिम्मेदारी तय होगी।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नालों की नियमित सफाई, त्वरित जलनिकासी और सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए।
नगर आयुक्त ने दो टूक चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है। साथ ही नगर निगम की टीम को अलर्ट मोड में रहकर काम करने और शहरवासियों को हर संभव राहत देने के निर्देश दिए।
बारिश के बीच नगर आयुक्त की इस सक्रियता से यह साफ संकेत मिला है कि अब नगर निगम में ढिलाई नहीं चलेगी और जमीनी स्तर पर जवाबदेही तय होगी।















