डीएम शैलेष कुमार व एसपी अभिनव त्यागी का सख्त संदेश नकल पर जीरो टॉलरेंस, परीक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
भदोही। उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जनपद प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने रविवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की और अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए।
डीएम व एसपी ने इंद्र बहादुर नेशनल इंटर कॉलेज, ज्ञान भारती इंटर कॉलेज तथा एम.ए. समद इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा संचालन, सुरक्षा इंतजाम और अभ्यर्थियों की सुविधाओं का जायजा लिया। प्रथम पाली के दौरान निरीक्षण करते हुए उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था, कंट्रोल रूम की सक्रियता, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा तथा पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को परखा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। आयोग की गाइडलाइन का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस बल की सहायता लेकर परीक्षा को निर्बाध रूप से जारी रखा जाए।
परीक्षा के दूसरे दिन उपस्थिति के आंकड़े भी सामने आए। प्रथम पाली में कुल 2496 अभ्यर्थियों में से 1898 उपस्थित रहे, जबकि 598 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 2496 में से 1836 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 660 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 1258 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग नहीं लिया।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की सक्रिय मौजूदगी से परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन और गंभीरता का माहौल बना रहा। कड़ी निगरानी और सुदृढ़ व्यवस्थाओं के बीच जनपद में होमगार्ड भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई, जिससे अभ्यर्थियों को निष्पक्ष माहौल में परीक्षा देने का अवसर मिला।















