11 मोबाइल व 2.3 किलो गांजा बरामद
संतकबीरनगर। थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने मोबाइल चोरी के सिलसिले का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से 11 चोरी के मोबाइल फोन (अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये) और 2 किलो 300 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने बताया कि 3 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने रामप्रवेश राजभर पुत्र सीताराम (निवासी बालूशासन) को बड़गो से अजगइबा घाट जाने वाली सड़क के पास तथा छोटू राजभर उर्फ मामा पुत्र स्व. राधेश्याम (निवासी ग्राम बनौली, थाना बेलहरकला) को पटखौली स्थित आरटीओ ऑफिस के पास से गिरफ्तार किया।
1 अप्रैल 2026 को इकरार खान पुत्र अनवर खान (निवासी ईंट भट्ठा स्थल, ग्राम दशहरा) ने थाने में शिकायत दी थी कि 28 मार्च की रात अज्ञात चोरों ने खिड़की तोड़कर चार लोगों के मोबाइल फोन चुरा लिए थे। इस आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कबूल किया कि वे रात के समय गांवों और चौराहों पर सो रहे लोगों के मोबाइल चुराते थे और चोरी के सामान व गांजा बेचकर गुजारा करते थे।
बरामद 11 मोबाइलों में से 4 मोबाइल जैन ईंट भट्ठा दशहरा से चोरी किए गए थे, जबकि बाकी अन्य स्थानों से चुराए गए थे।
इस सफल कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दूबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है।















