मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत छात्राओं को साइबर अपराध एवं सुरक्षा पर जागरूक किया

बस्ती। पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने ‘मिशन शक्ति फेज-5.0 (द्वितीय चरण)’ अभियान के अंतर्गत सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, रामबाग में एक वृहद जागरूकता कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बढ़ते साइबर अपराधों से छात्राओं को अवगत कराना और उन्हें आत्मरक्षा एवं कानूनी अधिकारों के प्रति सशक्त बनाना था। डीआईजी संजीव त्यागी ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक थाने पर महिलाओं और बालिकाओं की समस्याओं को सुनने व उनके गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने छात्राओं को डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया हैकिंग, फिशिंग जैसे अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इंटरनेट पर अनजान लिंक पर क्लिक न करें, सोशल मीडिया अकाउंट को प्राइवेट रखें और किसी भी व्यक्ति को अपनी व्यक्तिगत जानकारी या OTP साझा न करें। आपातकालीन स्थिति में तत्काल सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1090, 112, 1076, 1098, 108/102 आदि याद रखने की अपील की।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी, महिला थाना प्रभारी शालिनी सिंह, कॉलेज प्रबंधन के पदाधिकारी, भारी संख्या में छात्र-छात्राएं और शिक्षक उपस्थित रहे।















