डीएम की सख्ती: पेट्रोल-डीजल-गैस की आपूर्ति बनी रहे सुचारु, अफवाहों पर न दें ध्यान
संतकबीरनगर। जनपद में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी आलोक कुमार ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में आम जनता को इन आवश्यक वस्तुओं की कमी नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में रविवार 29 मार्च 2026 को खलीलाबाद स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में इंडियन ऑयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के सेल्स ऑफिसर तथा जिला पूर्ति विभाग के अधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित कंपनियों के सेल्स ऑफिसरों को निर्देश देते हुए कहा कि पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति को सुचारु रूप से बनाए रखा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कहीं पर भी आपूर्ति में कोई व्यवधान उत्पन्न होता है तो संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार ने बैठक में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में जनपद संतकबीरनगर में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु है। उन्होंने बताया कि जिले में इन वस्तुओं की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है और भविष्य में भी कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने समस्त जनपदवासियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और बाजार में किसी भी तरह की कमी की अफवाह फैलने पर भी घबराएं नहीं। उन्होंने कहा, “आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर खरीदें। अनावश्यक भंडारण करने से बचें, क्योंकि इससे अन्य लोगों को परेशानी हो सकती है।”
डीएम ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों और गैस एजेंसियों को भी सख्त हिदायत दी कि वे नियमित रूप से आपूर्ति बनाए रखें और किसी भी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिया कि बाजार में नियमित निगरानी रखी जाए और यदि कहीं पर कालाबाजारी, जमाखोरी या कृत्रिम कमी पैदा करने का प्रयास पाया गया तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।















