निपुण सम्मान दिवस: रायबरेली के 625 विद्यालयों का सम्मान, 74 प्रतिशत बच्चे हुए निपुण
रायबरेली। बेसिक शिक्षा विभाग के तहत निपुण विद्यालयों की उपलब्धियों को सराहने के लिए गोपाल सरस्वती विद्या मंदिर के सभागार में निपुण सम्मान दिवस धूमधाम से मनाया गया। मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता और भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी ने कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया।
सरस्वती वंदना पीएम श्री विद्यालय रोझैया भीखम शाह जगतपुर के बच्चों ने प्रस्तुत की, जबकि प्राथमिक विद्यालय बेहटा खुर्द (विकास क्षेत्र राही) के बच्चों ने नृत्य प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि राज्य स्तर पर निपुण विद्यालयों की संख्या के आधार पर रायबरेली की 16वीं रैंक है, जबकि निपुण विद्यालयों के प्रतिशत के आधार पर 30वीं रैंक है। लखनऊ मंडल में जनपद दूसरे स्थान पर है।
जनपद में कक्षा एक और दो के कुल 32,398 छात्रों का निपुण आकलन किया गया, जिसमें 24,022 छात्र यानी 74.15 प्रतिशत निपुण घोषित किए गए। यह आंकड़ा बेसिक शिक्षा विभाग की सराहनीय प्रगति को दर्शाता है।
मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता ने बेसिक शिक्षा विभाग की प्रगति की प्रशंसा की और भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी ने कहा कि सरकार बेसिक शिक्षा में पढ़ने वाले बच्चों की गुणवत्ता और सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाने के लिए कृतसंकल्प है।
इस अवसर पर जिले के 625 निपुण विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया गया। साथ ही बेहतर प्रदर्शन करने वाले विकास क्षेत्रों के खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. सत्य प्रकाश यादव (रोहनिया), सत्यप्रकाश (दीनशाहगौरा), अरविंद कुमार सिंह (जगतपुर), बृजलाल वर्मा (राही), शीतल श्रीवास्तव (सतावं), अश्वनी कुमार गुप्ता (हरचंदपुर), वीरेंद्र नाथ द्विवेदी (सरेनी), एसआरजी राजवंत, सुनील कुमार यादव और शैलेंद्र सिंह को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अभिषेक द्विवेदी एवं कंचन सिंह ने किया। खंड शिक्षा अधिकारी राही बृजलाल वर्मा ने सभी आगंतुकों और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, इंदिरा देवी बछरावां, अनिल कुमार मिश्रा, राजीव कुमार ओझा, सुरेंद्र प्रताप, नंदलाल रजक, तरुण कुमार, विजय प्रकाश, पूर्व प्राचार्य जय प्रताप सिंह, प्रभारी प्राचार्य पंकज सिंह, प्रधानाचार्य रत्नेश श्रीवास्तव सहित अनेक अधिकारी और शिक्षक उपस्थित रहे।















