नकली सोने का लालच देकर 8 लाख ठगे, पुलिस ने दोनों ठगों को दबोचा; बरामदगी में नकली बिस्कुट, नगद राशि और होमगार्ड की वर्दी भी मिली

नकली सोने का लालच देकर 8 लाख ठगे, पुलिस ने दोनों ठगों को दबोचा; बरामदगी में नकली बिस्कुट, नगद राशि और होमगार्ड की वर्दी भी मिली

 

संतकबीरनगर। असली सोने का सपना दिखाकर गल्ला व्यापारी को 8 लाख रुपये की ठगी करने वाले दो शातिर आरोपी पुलिस के जाल में फंस गए। संतकबीरनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 8 लाख रुपये नगद, तीन मोबाइल, नकली पीली धातु के दो बिस्कुट (लगभग 200 ग्राम), होमगार्ड की वर्दी, बेल्ट-नेम प्लेट, आधार कार्ड और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अमित कुमार के पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली खलीलाबाद के प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दूबे, एसओजी प्रभारी निरीक्षक अजय सिंह और सर्विलांस सेल प्रभारी अभिमन्यु सिंह की संयुक्त टीम ने यह सफलता हासिल की। टीम ने आज 29 मार्च 2026 को स्पर्श हास्पिटल के पास डडवा नहर तिराहे से दोनों को दबोचा।

मामला 23 मार्च 2026 का है, जब कुशीनगर जिले के खड्डा निवासी गल्ला व्यापारी सन्नी कुमार गुप्ता पुत्र अयोध्या प्रसाद गुप्ता को आरोपी प्रदीप कुमार राव ने मोबाइल पर फोन कर सोने का बिस्कुट बेचने का लालच दिया। सन्नी कुर्थिया पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तो प्रदीप ने नकली सोने का बिस्कुट दिखाकर 8 लाख रुपये ले लिए। इसी दौरान संजय चौधरी (होमगार्ड) वर्दी में मौके पर पहुंचा और पैसे का बैग लेकर प्रदीप को अपनी मोटरसाइकिल पर बिठाकर भाग निकला। बाद में सन्नी ने थाना कोतवाली खलीलाबाद में प्रार्थना पत्र देकर ठगी की शिकायत की, जिस पर मुकदमा संख्या 197/2026 दर्ज किया गया। शुरू में धारा 352, 318(4), 319(2) बीएनएस लगाई गई, जिसे गिरफ्तारी के बाद 317(2) बीएनएस बढ़ा दी गई।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इस प्रकार हुई है

प्रदीप कुमार राव (47 वर्ष), पुत्र स्व. संत कुमार, मूल निवासी लोहदर थाना मुण्डेरवा जिला बस्ती, वर्तमान में नौतनवा बाईपास के पास किराए के मकान (पुनीत तिवारी का) थाना नौतनवा जिला महाराजगंज में रहता था।  

संजय चौधरी (42 वर्ष), पुत्र संतराम चौधरी, निवासी बैरनपुर थाना कोतवाली खलीलाबाद जनपद संतकबीरनगर (होमगार्ड)।

पूछताछ में प्रदीप कुमार राव ने बताया कि मोबाइल पर बात करके सन्नी को बुलाया गया। सोने का बिस्कुट देकर पैसे लिए, फिर संजय वर्दी में आया और दोनों पैसे लेकर भाग गए। बाद में अखबार में खबर पढ़कर वे पैसे लेकर नौतनवा जा रहे थे, तभी पुलिस ने पकड़ लिया।

दोनों आरोपी पुराने अपराधी हैं। संजय चौधरी पर पहले भी थाना कोतवाली खलीलाबाद में मारपीट, गाली-गलौज और एससी/एसटी एक्ट का मामला दर्ज है। प्रदीप कुमार राव पर धनघटा और खलीलाबाद थानों में धोखाधड़ी व आपराधिक विश्वासघात के दो मामले पहले से हैं।

बरामदगी में शामिल हैं 8 लाख रुपये नगद, 3 मोबाइल, 200 ग्राम के दो नकली पीली धातु के बिस्कुट, होमगार्ड की पूरी वर्दी मय बेल्ट व नेम प्लेट, एक आधार कार्ड और मोटरसाइकिल एचएफ डिलक्स (UP51AS 5348)।

इस सफल कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने टीम को 25,000 रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। टीम में शामिल जयप्रकाश दूबे, अजय सिंह, अभिमन्यु सिंह, अशोक कुमार दूबे, विनोद कुमार यादव, उमाशंकर त्रिपाठी, भूपेंद्र प्रताप सिंह, कृष्णानंद शाह, सुशील कुमार, हरिप्रकाश, चंद्रशेखर, अनूप कुमार राय, अभिषेक सिंह, सर्वेश मिश्रा, बिरबहादुर यादव, अरुण कुमार, विवेक मिश्रा और ज्ञान सिंह आदि का सराहनीय योगदान रहा।

Previous articleशाही ग्लोबल हॉस्पिटल में एडवांस लैप्रोस्कोपिक हर्निया वर्कशॉप का भव्य आयोजन, 11 मरीजों की सफल सर्जरी
Next articleडीएम की सख्ती: पेट्रोल-डीजल-गैस की आपूर्ति बनी रहे सुचारु, अफवाहों पर न दें ध्यान

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here