शाही ग्लोबल हॉस्पिटल में एडवांस लैप्रोस्कोपिक हर्निया वर्कशॉप का भव्य आयोजन, 11 मरीजों की सफल सर्जरी
गोरखपुर। आधुनिक लैप्रोस्कोपिक तकनीक से जटिल हर्निया के इलाज को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से शाही ग्लोबल हॉस्पिटल में एडवांस लैप्रोस्कोपिक हर्निया कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम ने स्थानीय सर्जनों को नवीनतम सर्जिकल तकनीकों से रू-ब-रू कराया।
एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया के तहत आयोजित इस कंटीन्यूअस मेडिकल एजुकेशन (CME) प्रोग्राम और लाइव ऑपरेटिव वर्कशॉप में बनारस से आए वरिष्ठ लैप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. मनीष जिंदल ने दूरबीन विधि से जटिल हर्निया के कई ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न किए। उन्होंने आधुनिक उपकरणों और नई तकनीकों का प्रदर्शन कर युवा सर्जनों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
कार्यशाला में डॉ. डी.के. राय और शाही ग्लोबल हॉस्पिटल के डॉ. शिवशंकर शाही ने भी अपने अमूल्य अनुभव साझा किए और लाइव सर्जरी कर स्थानीय चिकित्सकों को नई विधियों से अवगत कराया।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में एम्स गोरखपुर, बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज सहित गोरखपुर के अनेक वरिष्ठ एवं नामचीन चिकित्सकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। चिकित्सकों ने कार्यशाला को अत्यंत उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताया।
कार्यशाला की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि कुल 11 मरीजों का लैप्रोस्कोपिक हर्निया ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा। इन ऑपरेशनों से न केवल मरीजों को बेहतर इलाज मिला, बल्कि उपस्थित सर्जनों को भी नई तकनीक सीखने का सुनहरा मौका मिला।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया की वार्षिक कार्यशाला इस वर्ष नवंबर में एम्स गोरखपुर में आयोजित होने वाली है। इसकी तैयारी के रूप में शाही ग्लोबल हॉस्पिटल में हुई यह कार्यशाला एक अहम कदम साबित हुई।
इस सफल आयोजन से गोरखपुर के चिकित्सा क्षेत्र में लैप्रोस्कोपिक सर्जरी के क्षेत्र में नई दिशा मिलने की उम्मीद जगी है। शाही ग्लोबल हॉस्पिटल प्रबंधन ने सभी अतिथि सर्जनों, चिकित्सकों और मरीजों का आभार जताया तथा भविष्य में भी ऐसे ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प दोहराया।















