गोरखपुर इलेक्ट्रिकल्स एसोसिएशन का होली मिलन समारोह संपन्न
टैक्स देने वाले व्यापारियों को विशेष सम्मान देने की सरकार से की मांग
गोरखपुर। गोरखपुर इलेक्ट्रिकल्स एसोसिएशन ने शहर के एक प्रतिष्ठित होटल में होली मिलन समारोह एवं आम सभा का भव्य आयोजन किया। कार्यक्रम में एसोसिएशन के पदाधिकारियों, सदस्यों और अतिथियों ने आपसी सौहार्द के साथ एक-दूसरे को होली की रंगीन शुभकामनाएं दीं और विभिन्न मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया।
मुख्य अतिथि शाही ग्लोबल हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. शिव शंकर शाही ने कहा, “संगठित व्यापारी समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जब व्यापारी एकजुट होकर योगदान देते हैं तो इसका लाभ पूरे समाज को मिलता है।” उन्होंने उपस्थित व्यापारियों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सलाह दी और किसी भी समस्या पर हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव रस्तोगी ने कहा, “होली प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का पर्व है। ऐसे आयोजन सदस्यों के बीच संबंधों को और मजबूत करते हैं।” महामंत्री पदम अग्रवाल ने विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने डीएसपी म्यूचुअल फंड के अश्वनी पांडे, निशांत फाइनेंशियल सर्विस के निशांत रस्तोगी, ऐश्प्रा के अनूप सर्राफ, मेदांता हॉस्पिटल लखनऊ के अमित वर्मा, मैक्स हॉस्पिटल दिल्ली के विकास स्वरूप, फॉरेस्ट क्लब के राकेश ढींगरा तथा डॉ. शिव शंकर शाही को विशेष सुविधाएं और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
आम सभा में सदस्यों ने सर्वसम्मति से सरकार से मांग की कि टैक्स देने वाले व्यापारियों को समाज में विशेष सम्मान दिया जाए। उनका कहना था कि नियमित टैक्स देकर देश के विकास में योगदान देने वाले व्यापारियों को विशेष पहचान मिलनी चाहिए। सुझाव दिया गया कि रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, अस्पतालों और सरकारी विभागों में टैक्स पेयर के लिए विशेष कार्ड बनाया जाए, जिससे उन्हें प्राथमिकता और सम्मान मिले। इससे ईमानदारी से टैक्स देने की प्रेरणा बढ़ेगी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में पवन टिंबरेवाल, संजय टिंबरेवाल, संजीव रस्तोगी, अमरेश श्रीवास्तव, धर्मेंद्र साहनी, दिलीप गुप्ता, केपी सिंह, मनोज श्रीवास्तव, नाहिद लारी, सुधीर प्रताप सिंह, जफर असलम सैयद, राशिद अली, विपिन गुप्ता, संजय रस्तोगी और बैजनाथ गुप्ता सहित कई सदस्यों ने अहम भूमिका निभाई।















