होली व रमजान से पहले मण्डलायुक्त अनिल ढींगरा ने किया विरासत गलियारे का निरीक्षण: नरसिंह यात्रा को देखते हुए 3–4 दिन में मार्ग मोटरेबल बनाने के सख्त निर्देश
गोरखपुर। आगामी होली एवं रमजान पर्व को शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से मनाने के मद्देनजर मण्डलायुक्त अनिल ढींगरा ने गुरुवार को शहर के निर्माणाधीन विरासत गलियारे का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण पाण्डेयहाता से घंटाघर रेती, बक्शीपुर चौराहा, आर्यनगर चौराहा, जटाशंकर होते हुए धर्मशाला मार्ग तक किया गया। इस दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक डॉ. एस. चेनप्पा, जिलाधिकारी दीपक मीणा तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान विरासत गलियारे के व्यापारियों ने निर्माण कार्य से उत्पन्न समस्याओं—जैसे आवागमन में बाधा, व्यापार प्रभावित होना और सुरक्षा जोखिम—से मण्डलायुक्त को अवगत कराया। मण्डलायुक्त ने लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जलकल एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मण्डलायुक्त ने विशेष रूप से होली पर्व के अवसर पर इसी मार्ग से निकलने वाली पारंपरिक नरसिंह यात्रा को ध्यान में रखते हुए कार्यदायी संस्थाओं को आगामी तीन से चार दिनों के भीतर मार्ग को पूर्ण रूप से मोटरेबल बनाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर कहीं भी निर्माण सामग्री बिखरी न रहे, जिससे श्रद्धालुओं, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। त्योहारों की अवधि तक क्षेत्र में आवागमन सुचारु रखने और स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को प्रभावित न होने देने पर जोर दिया।
विद्युत विभाग को लंबित कार्यों को तेजी से पूरा करने, विद्युत तारों को डक्ट के अंदर शिफ्ट कराने तथा ट्रांसफार्मरों को व्यवस्थित रूप से स्थापित करने के निर्देश दिए गए। जलकल एवं नगर निगम अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मार्ग पर कहीं भी पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त न रहने पाए तथा जल आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-2 के अधिशासी अभियंता, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।















