कमिश्नर व डीआईजी ने तामेश्वरनाथ मंदिर का किया निरीक्षण, महाशिवरात्रि की तैयारियों पर दिए सख्त निर्देश

कमिश्नर व डीआईजी ने तामेश्वरनाथ मंदिर का किया निरीक्षण, महाशिवरात्रि की तैयारियों पर दिए सख्त निर्देश

संतकबीरनगर। आगामी महाशिवरात्रि पर्व और जलाभिषेक को लेकर प्रशासन व पुलिस ने पूरी सतर्कता बरतते हुए तामेश्वरनाथ मंदिर परिसर का संयुक्त निरीक्षण किया। मंडलायुक्त बस्ती अखिलेश सिंह और पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के साथ बृहस्पतिवार को मंदिर परिसर का गहन भ्रमण किया।

निरीक्षण के दौरान तीनों वरिष्ठ अधिकारियों ने मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर परिसर में किसी भी प्रकार की असुविधा या भीड़भाड़ न हो, इसके लिए बैरिकेडिंग, वैकल्पिक मार्ग, संकेतक बोर्ड, पार्किंग व्यवस्था और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

डीआईजी संजीव त्यागी ने कहा कि महाशिवरात्रि जैसे बड़े धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। संवेदनशील बिंदुओं पर सघन निगरानी, संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई और आपात स्थिति में तत्काल प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त ने भीड़ प्रबंधन और यातायात को सुचारू बनाने के लिए पहले से तैयार योजना लागू करने पर बल दिया। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने पुलिस टीम को निर्देशित किया कि मंदिर परिसर में सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी रहे और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका पर तुरंत कार्रवाई हो।

निरीक्षण के बाद मंदिर समिति के सदस्यों और आमजन के साथ वार्ता की गई, जिसमें श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा के संबंध में सुझाव लिए गए। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अमित कुमार, थाना प्रभारी कोतवाली जय प्रकाश दूबे सहित पुलिस बल के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रशासन की यह संयुक्त पहल महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण दर्शन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पर्व के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सभी विभागों में समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Previous articleरामपुर में अधिवक्ता फारूख अहमद की हत्या के विरोध में अधिवक्ताओं का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन
Next articleकमिश्नर व डीआईजी ने भद्रेश्वरनाथ मंदिर का किया निरीक्षण, महाशिवरात्रि की तैयारियों पर दिए सख्त निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here