रामपुर में अधिवक्ता फारूख अहमद की हत्या के विरोध में अधिवक्ताओं का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन
कचहरी से कलेक्ट्रेट तक निकाली रैली, ज्ञापन सौंपकर प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग
संतकबीरनगर। रामपुर जिले में बार एसोसिएशन सदस्य अधिवक्ता फारूख अहमद की हत्या के विरोध में शुक्रवार को संतकबीरनगर जिले के अधिवक्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने कचहरी परिसर से कलेक्ट्रेट तक पैदल रैली निकाली और जिलाधिकारी आलोक कुमार को राष्ट्रपति व राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों ने अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट तत्काल लागू करने की मांग की। साथ ही हत्यारों को फांसी की सजा देने और मृतक अधिवक्ता के परिवार को तत्काल तीन करोड़ रुपये का मुआवजा प्रदान करने की मांग की गई। अधिवक्ताओं ने कहा कि वकीलों पर हमले बढ़ रहे हैं, जिससे न्याय व्यवस्था पर खतरा मंडरा रहा है। अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू होने से वकीलों को सुरक्षा मिलेगी और वे निर्भीक होकर काम कर सकेंगे।
प्रदर्शन में सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ईश्वर प्रसाद पाठक, महामंत्री निरंजन सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सरफराज नवाज आलम, जनपद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष चौधरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार पांडेय, महामंत्री राम अवतार यादव, पूर्व अध्यक्ष महीप बहादुर पाल, दिनेश चन्द्र राय, पूर्व महामंत्री राकेश जी मिश्र, सुनील कुमार पांडेय, शत्रुघ्न यादव, दुर्गेश नारायण तथा कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन अध्यक्ष रविंद्र नाथ पांडेय सहित सैकड़ों अधिवक्ता शामिल रहे।
रैली के दौरान नारेबाजी की गई और काले पट्टे बांधकर विरोध जताया गया। कलेक्ट्रेट पहुंचकर अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और पुलिस की मौजूदगी में संपन्न हुआ।
अधिवक्ताओं का कहना है कि रामपुर में हुई यह घटना पूरे प्रदेश के वकील समुदाय के लिए चिंता का विषय है। वे न्याय व्यवस्था की रक्षा और अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। ज्ञापन के माध्यम से केंद्र व राज्य सरकार से अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की अपील की गई है।















