माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा बैठक 18 फरवरी से 12 मार्च तक चलेगी हाईस्कूल व इंटर परीक्षा; नकलविहीन व शांतिपूर्ण संपन्न कराने के निर्देश

माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा बैठक

18 फरवरी से 12 मार्च तक चलेगी हाईस्कूल व इंटर परीक्षा; नकलविहीन व शांतिपूर्ण संपन्न कराने के निर्देश

संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त व राजस्व) जयप्रकाश की अध्यक्षता में विकास भवन परिसर के डीपीआरसी हॉल में माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश प्रयागराज द्वारा संचालित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2026 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक हुई। अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह भी बैठक में उपस्थित रहे।

जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चंद्र नाथ ने बैठक को अवगत कराया कि बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर 12 मार्च 2026 तक चलेगी। प्रथम पाली सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:00 से 5:15 बजे तक होगी। जनपद में कुल 94 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां हाईस्कूल में 28,450 तथा इंटरमीडिएट में 26,764 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। कुल 55,214 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।

परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने हेतु 3 जोनल मजिस्ट्रेट, 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 94 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा 94 केंद्र व्यवस्थापकों की ड्यूटी लगाई गई है। सतत मॉनिटरिंग के लिए 6 सचल दल गठित किए गए हैं।

अपर जिलाधिकारी जयप्रकाश ने बिंदुवार समीक्षा करते हुए सभी जोनल, सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि बोर्ड परीक्षा की सुचिता सर्वोपरि है। प्रश्नपत्रों व उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा, वितरण, परीक्षा के दौरान सतत निगरानी तथा ड्यूटी में पूरी निष्ठा के साथ कार्य सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा संचालित रहें, शौचालय, पेयजल, प्रकाश, फर्नीचर, बाउंड्री वॉल एवं बैठने की समुचित व्यवस्था पहले से सुनिश्चित हो। सेक्टर मजिस्ट्रेट पूर्व में ही सभी केंद्रों का भ्रमण अवश्य करें। परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल, कैलकुलेटर या कोई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पूर्णतः प्रतिबंधित रहे। शस्त्र लेकर प्रवेश वर्जित है।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा में स्थानीय बच्चों की भागीदारी होती है, इसलिए सुचिता पर विशेष ध्यान दें। सभी अधिकारी बोर्ड की निर्देशिका का गहन अध्ययन करें ताकि परीक्षा के दौरान कोई समस्या न आए। पूरी संवेदनशीलता व तत्परता से ड्यूटी का निर्वहन करें।

अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा को सुरक्षित बनाने हेतु सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। किसी भी अराजक तत्व या समस्या पर तत्काल कार्रवाई के लिए व्यवस्था है।

बैठक में उप जिलाधिकारी हृदय राम तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चंद्र नाथ, उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह, जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सभी को परीक्षा को निष्पक्ष, नकलविहीन और शांतिपूर्ण संपन्न कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

Previous articleयूपी बोर्ड परीक्षा-2026: नकल मुक्त, पारदर्शी और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सख्त तैयारियां
Next articleहीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय में दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार 15-16 फरवरी से

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here