जनता दरबार में नवागत एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने सुनीं फरियादियां, दिए त्वरित निस्तारण के सख्त निर्देश

जनता दरबार में नवागत एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने सुनीं फरियादियां, दिए त्वरित निस्तारण के सख्त निर्देश

 

गोरखपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने पुलिस कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को व्यक्तिगत रूप से सुना। सुबह से ही एसएसपी कार्यालय में जमीन विवाद, मारपीट, साइबर ठगी, महिला उत्पीड़न, पारिवारिक विवाद समेत विभिन्न प्रकार की शिकायतें लेकर लोग उमड़े।

एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने एक-एक फरियादी की बात ध्यान से सुनी और मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को तत्काल, निष्पक्ष और प्रभावी निस्तारण के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध समाधान पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। किसी भी पीड़ित को अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों में लापरवाही, टालमटोल या देरी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर मामले में पारदर्शिता बरती जाए और फरियादी को प्रगति की जानकारी भी दी जाए।

गंभीर प्रकरणों में तुरंत टीम गठित कर कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए। महिला संबंधित मामलों को विशेष प्राथमिकता देते हुए संवेदनशीलता के साथ निपटाने पर जोर दिया। एसएसपी ने थानों पर भी इसी तरह जनता की समस्याओं को सुनने और छोटी-मोटी शिकायतों का मौके पर ही समाधान निकालने की हिदायत दी। थानेदार स्वयं शिकायतकर्ता से संवाद करें और लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर गुणवत्तापूर्ण विवेचना के माध्यम से उन्हें शीघ्र निस्तारित करें।

इस अवसर पर एसपी सिटी अभिनव त्यागी, एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र, एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी, सहायक पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार एस, एसपी यातायात राजकुमार पांडेय, एसपी मंदिर संतोष कुमार तथा सीओ दीपांशी सिंह राठौर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

जनता दरबार के बाद संबंधित अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। फरियादियों में संतोष का माहौल रहा और लोगों ने उम्मीद जताई कि नई कप्तानी में उनकी समस्याओं का समाधान अब तेजी से होगा।

डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच मजबूत विश्वास ही बेहतर कानून-व्यवस्था की नींव है। यदि आम नागरिक को यह भरोसा हो कि उसकी बात सुनी जाएगी और न्याय मिलेगा, तो अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाना आसान होगा। यह जनता दरबार उनकी जन-केंद्रित पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

Previous articleमेहदावल में ‘राघव फर्नीचर हाउस’ का भव्य उद्घाटन
Next articleडीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ किया ईवीएम/वीवीपैट वेयर हाउस का निरीक्षण

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here