मानव जीवन से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: चाइनीज मांझा पर पुलिस सख्त
सप्लाई चेन तक पहुंचेगी कार्रवाई, बिक्री करने वालों पर गिरेगी गाज
गोरखपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने चाइनीज मांझा की बिक्री और उपयोग को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनपद में प्रतिबंधित मांझा बेचने, खरीदने या इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मुख्यालय और शासन के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाएगा और किसी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसएसपी ने बताया कि चाइनीज मांझा कानूनन प्रतिबंधित होने के साथ-साथ आम लोगों की जान के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। आए दिन इससे राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों, बच्चों और छत पर खेल रहे लोगों के घायल होने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। कई मामलों में यह जानलेवा साबित हो चुका है। ऐसे में इसे बेचना, खरीदना या इस्तेमाल करना पूरी तरह अवैध है।
डॉ. कौस्तुभ ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने क्षेत्र में अभियान चलाकर पतंग और मांझा बेचने वाली दुकानों की सघन जांच करें। जहां भी चाइनीज मांझा मिले, वहां तत्काल जब्ती की कार्रवाई करते हुए दुकानदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। साथ ही सप्लाई चेन की गहन जानकारी जुटाई जाए ताकि बड़े स्तर पर इस कारोबार में शामिल लोगों तक पहुंचकर कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं है। लोगों को जागरूक करना भी उतना ही जरूरी है। बीट पुलिसिंग के माध्यम से मोहल्लों और बाजारों में पंपलेट वितरण, माइकिंग और संवाद के जरिए अभिभावकों से अपील की जाएगी कि वे बच्चों को प्रतिबंधित मांझा खरीदने या इस्तेमाल करने से रोकें।
एसएसपी ने बताया कि त्योहारों और विशेष अवसरों पर चाइनीज मांझा की मांग बढ़ जाती है, जिसे देखते हुए पुलिस अतिरिक्त सतर्क रहेगी। खुफिया तंत्र को सक्रिय किया गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। यदि कोई चोरी-छिपे बिक्री करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
डॉ. कौस्तुभ ने दो टूक कहा, “मानव जीवन से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सड़क पर चल रहे आम नागरिक, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी या छतों पर खेल रहे बच्चे—सभी की सुरक्षा सर्वोपरि है। यदि किसी थाना क्षेत्र से शिकायत मिली कि वहां खुलेआम चाइनीज मांझा बिक रहा है, तो संबंधित पुलिस अधिकारियों की भी जिम्मेदारी तय की जाएगी।”
उन्होंने जनता से सहयोग की अपील की है। यदि कहीं प्रतिबंधित मांझा बिकने की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके। सामूहिक प्रयास से ही इस खतरनाक प्रवृत्ति पर पूरी तरह रोक लगाई जा सकती है।
गोरखपुर पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा ताकि जनपद में चाइनीज मांझा की बिक्री पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके और संभावित हादसों को रोका जा सके।















