सूर्या इंटरनेशनल एकेडमी में गुडलक पार्टी: बोर्ड परीक्षा में टॉपर्स बनने का संकल्प
कल भव्य वार्षिक उत्सव में दिखेगा भारत की विविध संस्कृति का जश्न
संतकबीरनगर। जिले के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खलीलाबाद के परिसर में मंगलवार को 10वीं और 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं के लिए गुडलक सह विदाई पार्टी का भव्य आयोजन हुआ। “हम सूर्या के सितारे हैं, सूरज की तरह बिखेरेंगे जग में रोशनी” की प्रेरणादायी थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में नौनिहालों ने आगामी बोर्ड परीक्षा में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर टॉपर्स बनने का दृढ़ संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह अखंड रामायण पाठ से हुआ, जिसने पूरे परिसर को आध्यात्मिक वातावरण प्रदान किया। इसके बाद सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर सविता चतुर्वेदी, एसआर ग्रुप के एमडी राकेश चतुर्वेदी और जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव ने मां सरस्वती एवं संस्थापक स्व. पंडित सूर्य नारायण चतुर्वेदी के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर समारोह की शुरुआत की।
डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, “शिक्षकों ने पूरी निष्ठा और ईमानदारी से आपको शैक्षणिक रूप से सक्षम बनाया है। अब समय है कि आप बोर्ड परीक्षा में संयम और परिश्रम से अपनी प्रतिभा को पन्नों पर उतारें। अपनी मेहनत से न केवल अपना, बल्कि संस्थान और शिक्षकों के मान को भी सार्थक करें।”
एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर सविता चतुर्वेदी ने नौनिहालों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि परीक्षा के समय माता-पिता, शिक्षकों और मैनेजमेंट की उम्मीदें बच्चों से जुड़ी होती हैं। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देकर सभी की अपेक्षाओं पर खरा उतरें। एमडी राकेश चतुर्वेदी और प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने भी छात्रों को परीक्षा के तनाव से मुक्त रहकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कक्षा 9वीं और 11वीं के छात्र-छात्राओं ने अपने सीनियर साथियों को भावुक विदाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्कूल मैनेजमेंट की ओर से सभी परीक्षार्थियों को प्रतीक चिन्ह के रूप में स्टॉल और पेन भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें नृत्य, संगीत और अन्य कलाएं शामिल रहीं। कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने संगीत की धुनों पर थिरक कर परीक्षा के दबाव को कम किया और खुद को तरोताजा महसूस किया।
समारोह का कुशल संचालन उप-प्रधानाचार्य शरद त्रिपाठी ने किया। इस दौरान नितेश द्विवेदी, आशुतोष पांडेय, अशोक चौबे सहित स्कूल का समस्त स्टाफ और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
स्कूल प्रबंधन ने सभी अभिभावकों से कल होने वाले भव्य वार्षिक उत्सव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की है। इस उत्सव में भारत के विभिन्न राज्यों की संस्कृति पर आधारित शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जो दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देंगे।















