मण्डलायुक्त ने कलेक्ट्रेट एवं खलीलाबाद तहसील के कार्यालयों का किया सघन निरीक्षण
पत्रावलियों का सुव्यवस्थित रख-रखाव, साफ-सफाई एवं त्वरित निस्तारण पर दिया जोर
अधिकारी-कर्मचारी निष्ठा से करें कार्य, जनसुनवाई को दें सर्वोच्च प्राथमिकता
संतकबीरनगर। मण्डलायुक्त बस्ती मण्डल श्री अखिलेश सिंह ने जिलाधिकारी आलोक कुमार के साथ आज कलेक्ट्रेट स्थित सभी कार्यालयों/पटलों एवं खलीलाबाद तहसील के सभी पटलों/अनुभागों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) जय प्रकाश और अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चन्द्रेश कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।
मण्डलायुक्त ने पत्रावलियों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, नियमानुसार एवं त्वरित निस्तारण, कार्यालय परिसर की साफ-सफाई तथा अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पटल सहायकों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त ने न्याय सहायक कक्ष, आयुध लिपिक कक्ष, खनन अनुभाग, प्रशासनिक अधिकारी कक्ष, आपदा नियंत्रण कक्ष, शिकायत कक्ष, नजारत, आंग्ल अभिलेखागार, राजस्व सहायक कक्ष, जिला कंट्रोल रूम, कॉल सेंटर, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कक्ष, भूलेख अनुभाग और राजस्व अभिलेखागार सहित विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। उन्होंने चरित्र प्रमाण पत्र, शस्त्र लाइसेंस नवीनीकरण, वरासत आधारित लाइसेंस आवेदनों की प्रगति एवं पेंडेंसी के बारे में पूछताछ की।
मण्डलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी पटल पर कोई पत्रावली या प्रकरण अनावश्यक रूप से पेंडिंग न रहे। सभी पत्रावलियों का ससमय एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शासनादेशों से संबंधित पटल सहायक निरंतर अपडेट रहें। राजस्व अभिलेखागार में बस्ता सूची एवं पत्रावलियों के अवलोकन के बाद मुआयना स्थल पर सीसीटीवी कैमरा लगाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि अधिकारी-कर्मचारी अपने कार्यों को निष्ठा एवं ईमानदारी से सम्पादित करें। जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण एवं जनसुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। मा0 मुख्यमंत्री संदर्भ, शासन संदर्भ एवं जिलाधिकारी संदर्भ सहित सभी शिकायती संदर्भों का जांच/निस्तारण आख्या प्राप्त कर शीघ्र निस्तारण किया जाए। कार्यालयों में नियमित साफ-सफाई बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त ने रेण्डम पत्रावलियों की क्रास चेकिंग की और कार्यवाही की अवधि, पंजिका पर अंकन आदि की गहन जांच की। उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका एवं अन्य दस्तावेजों का भी अवलोकन किया।
इसके बाद मण्डलायुक्त ने तहसील खलीलाबाद पहुंचकर तहसील के सभी पटलों का निरीक्षण किया। मतदाता पंजीकरण कक्ष, भूलेख कक्ष, खतौनी कक्ष/विंडो, नोटिस सुनवाई स्थल, अभिलेखागार कक्ष, राजस्व लिपिक कक्ष, तहसील राजस्व न्यायालय (उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार), आर0के0 कार्यालय, संग्रह कार्यालय, नजारत आदि का जायजा लिया।
उन्होंने तहसील में आने वाले नागरिकों को अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लम्बित कार्यों को अविलम्ब पूरा किया जाए। शासन की मंशा के अनुरूप नियमित जनसुनवाई कर आमजन की समस्याओं का अपने स्तर पर ही निस्तारण किया जाए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी खलीलाबाद अरुण कुमार, अपर उप जिलाधिकारी सुधीर कुमार, उप जिलाधिकारी हृदय राम तिवारी, प्रशासनिक अधिकारी/नाजिर बद्री प्रसाद, प्रशासनिक अधिकारी कलेक्ट्रेट योगेश चौधरी, ओएसडी राकेश कुमार, तहसीलदार खलीलाबाद आनंद ओझा, नायब तहसीलदार प्रियंका तिवारी सहित कलेक्ट्रेट एवं तहसील के संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
मण्डलायुक्त ने सभी को प्रेरित किया कि कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और गुणवत्ता बनाए रखें ताकि जनता को बेहतर सेवा मिल सके। यह निरीक्षण प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।















