डीआईजी बस्ती ने क्षेत्राधिकारियों के कार्यों की व्यापक समीक्षा की, दिए आवश्यक निर्देश
बस्ती। पुलिस उप महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने बृहस्पतिवार को परिक्षेत्रीय कार्यालय सभागार में क्षेत्राधिकारी सदर व इटवा (सिद्धार्थनगर), मेंहदावल (संतकबीरनगर) एवं हरैया (बस्ती) के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान डीआईजी बस्ती ने क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय, संवेदनशील एवं उत्तरदायी पुलिसिंग सुनिश्चित करें। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु नियमित गश्त बढ़ाने, सूचना तंत्र को मजबूत करने तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं वैधानिक कार्यवाही करने के आदेश दिए गए।
उन्होंने विवेचनाओं में पारदर्शिता, समयबद्ध निस्तारण एवं गुणवत्ता बनाए रखने, साइबर अपराधों में त्वरित कार्यवाही कराने, मिशन शक्ति केंद्र को और अधिक प्रभावी बनाने, पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
क्षेत्राधिकारियों को लंबित आरोप पत्र यथाशीघ्र माननीय न्यायालय में दाखिल कराने, माल निस्तारण कराने तथा साइबर अपराधों में समय से कार्यवाही कराने हेतु भी निर्देशित किया गया।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी सदर व इटवा (सिद्धार्थनगर), मेंहदावल (संतकबीरनगर), हरैया (बस्ती) सहित परिक्षेत्रीय कार्यालय के अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहे।















