डीआईजी बस्ती ने गोपनीय सहायक निरीक्षक को पुलिस उपाधीक्षक पद पर पदोन्नति मिलने पर लगाया श्वेत स्टार
बस्ती। पुलिस उप महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने मंगलवार को गोपनीय सहायक निरीक्षक सत्यप्रकाश विश्वकर्मा को पुलिस उपाधीक्षक पद पर पदोन्नति मिलने पर कंधे पर श्वेत धातु का स्टार लगाकर भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
इस अवसर पर रेंज के तीनों जनपदों बस्ती, सिद्धार्थनगर एवं संतकबीरनगर के पुलिस अधीक्षक, परिक्षेत्रीय कार्यालय के समस्त शाखा प्रभारी, अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
पदोन्नति प्राप्त अधिकारी सत्यप्रकाश विश्वकर्मा ने पदोन्नति के लिए डीआईजी संजीव त्यागी एवं समस्त पुलिस परिवार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विभागीय विश्वास और मेहनत का परिणाम है तथा भविष्य में भी उच्च पदों की जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे।
डीआईजी संजीव त्यागी ने कहा कि यह पदोन्नति सेवा के प्रति समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रमाण है। उन्होंने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों से अपील की कि वे जनसुरक्षा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए विभाग की छवि को और मजबूत बनाएं।















