शहीद सूबेदार मेजर कलेक्टर प्रसाद शर्मा की पुण्यतिथि पर सेवा-संकल्प
गोरखपुर। भारतीय सेना के शहीद सूबेदार मेजर कलेक्टर प्रसाद शर्मा की पुण्यतिथि श्रद्धा और सेवा भाव से मनाई गई। वर्ष 2008 में जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में शहादत देने वाले शहीद की याद में उनके परिजनों ने अनाथ आश्रम पहुंचकर बच्चों की सेवा की।
शहीद के द्वितीय पुत्र सत्यजीत कुमार (सौरभ शर्मा), पत्नी नीतू शर्मा, बच्चे अन्वी व प्रांशी, भाभी रंजना शर्मा, भतीजी यशिका, अध्या एवं आराध्य सहित अन्य परिजनों ने हिस्सा लिया। उन्होंने अनाथ बच्चों को भोजन सामग्री, खाने-पीने का सामान भेंट किया और कड़ाके की ठंड में कंबल वितरित किए।
परिजनों ने बच्चों के साथ समय बिताया, उनका हालचाल जाना और स्नेह प्रदान किया। इस दौरान शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
परिवारजनों ने बताया कि 18 वर्षों से उनकी पुण्यतिथि जरूरतमंदों की सेवा करते हुए मनाई जाती है। शहीद की सच्ची श्रद्धांजलि समाज के कमजोर वर्ग की मदद में है। इसी संकल्प से हर वर्ष अनाथ बच्चों, गरीबों और असहायों को सहायता दी जाती है।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने शहीद के सेवा भाव को नमन किया। कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और नई पीढ़ी को देशसेवा व मानव सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। शहीद की अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति आज भी प्रेरणा स्रोत है।















