मकर संक्रांति मेले में नगर निगम की अनूठी पहल: गोरखनाथ मंदिर परिसर में ‘आरआरआर सेंटर’ का शुभारंभ
गोरखपुर। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर गोरखनाथ मंदिर मेला परिसर में गोरखपुर नगर निगम ने स्वच्छता, सेवा और सामाजिक सरोकार का अनुपम उदाहरण पेश किया। आरआरआर (रिड्यूस–रीयूज–रिसाइकिल) सेंटर एवं नगर निगम के अस्थायी कार्यालय का शुभारंभ महापौर डॉ. मंगलेश कुमार श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने मेले में आए श्रद्धालुओं को गर्म वस्त्र वितरित किए तथा ‘वार्षिक स्वच्छता कैलेंडर–2026’ सौंपा, जिससे स्वच्छता के साथ मानवीय संवेदना का संदेश पहुंचा। महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने बताया कि नगर में वर्तमान में सात आरआरआर केंद्र संचालित हैं, जहां नागरिक अनुपयोगी लेकिन उपयोगी वस्त्र, जूते, बैग एवं घरेलू सामान दान कर सकते हैं। एकत्रित सामग्री को छांटकर जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाता है, जिससे कचरा प्रबंधन के साथ सामाजिक सहयोग भी सुनिश्चित होता है।
विधायक विपिन सिंह एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
कार्यक्रम में उप सभापति पवन त्रिपाठी, नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल, अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार एवं दुर्गेश मिश्र, मुख्य अभियंता अमित शर्मा सहित कई पार्षदगण एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
नगर निगम ने आमजन से अपील की है कि वे पुराने लेकिन उपयोगी सामान आरआरआर केंद्रों पर दान करें। अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने आश्वासन दिया कि दान की गई सामग्री को स्वच्छ एवं उपयोग योग्य स्थिति में ही जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाएगा।















