महोत्सव: स्थापना दिवस पर भव्य आयोजन, संस्कृति-शहीदों-संतों का हुआ सम्मान
रायबरेली। सोमवार को रायबरेली स्थापना दिवस के अवसर पर गुरु गोविंद सिंह पर्यावरणीय उद्यान पार्क में एक दिवसीय रायबरेली महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम का उद्घाटन किया। अध्यक्ष जिला पंचायत रंजना चौधरी, जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने दीप प्रज्वलन कर स्वामी विवेकानंद एवं गुरु गोविंद सिंह के चित्र पर पुष्पार्चन किया।
वैदिक कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने वंदेमातरम एवं सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, जबकि राइजिंग चाइल्ड पब्लिक स्कूल के बच्चों ने “हम रहे न रहे भारत रहना चाहिए” की सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में संतों का पूजन-अभिनंदन एवं आरती के बाद शहीदों के परिजनों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, किसानों, चिकित्सकों एवं समाजसेवियों को माला, अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य आकर्षण लोक गायिका सृष्टि परिहार का लोक गायन, काजल सिंह का आल्हा, राजेश प्रसाद (मथुरा) की बृज वंदना, बरसाने का मयूर नृत्य, लठ्ठमार फूलों की होली एवं वंदा बैरागी का कबीर-शिव-राम गायन रहा। लखनऊ, बाराबंकी, प्रयागराज और मथुरा के कलाकारों ने भी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा, “यह महोत्सव रायबरेली की वैभवशाली सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करने और अगली पीढ़ियों को इससे परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस पर स्थापना दिवस मनाना गौरव की बात है। यह आयोजन जनपद की प्रतिभाओं का सम्मान और संस्कारों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का माध्यम है।” उन्होंने भविष्य में इसे और भव्य रूप से आयोजित करने की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगे, जहां लोगों ने लाभार्थी योजनाओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता, अपर जिलाधिकारी सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।















