आरएसएस शताब्दी वर्ष पर भव्य हिंदू सम्मेलन: पंच परिवर्तन से राष्ट्रीय पुनरुत्थान का संदेश
संतकबीरनगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में माता नगर स्थित केशव-माधव बस्ती के हिंदू सम्मेलन का आयोजन कूड़ी लाल रूंगटा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, बिधियानी में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, मातृशक्ति और स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक धरणीधर पांडे ने की, जबकि मातृशक्ति की अध्यक्षता डॉ. सोनी सिंह ने संभाली। मुख्य वक्ता बस्ती विभाग के विभाग प्रचारक श्री ऋषि दीप जी ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में संघ के पंच परिवर्तन के पाँच बिंदुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पंच परिवर्तन के माध्यम से ही सच्चा राष्ट्रीय पुनरुत्थान संभव है।
स्वामी विवेकानंद की जयंती पर उनके जीवन-दर्शन को स्मरण करते हुए मुख्य वक्ता ने कहा कि स्वामीजी जन्म से नहीं, बल्कि माता से प्राप्त संस्कारों से बने। उन्होंने युवाओं से संस्कारयुक्त जीवन अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम अध्यक्ष श्री जी महाराज ने कहा कि संस्कार और धर्मबोध से युक्त शिक्षा ही समाज एवं राष्ट्र के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है। मातृशक्ति की ओर से डॉ. सोनी सिंह ने हिंदू समाज के संगठन के लिए सामाजिक समरसता पर जोर दिया तथा छुआछूत जैसी कुरीतियों के पूर्ण उन्मूलन की आवश्यकता बताई।
अंत में भास्कर मणि त्रिपाठी ने मंचासीन अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य रमेश राय, जिला कार्यवाह सौरभ जी, जिला प्रचारक धीरज जी, जिला प्रचार प्रमुख दिग्विजय नारायण शुक्ला सहित अनेक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।















