गोरखपुर महोत्सव में नारी स्वास्थ्य पर गहन मंथन: रोडमैप बनेगा, महापौर-एम्स निदेशक-कुलपति शामिल
गोरखपुर। गोरखपुर महोत्सव के दौरान रविवार को ‘स्वास्थ्य ही सम्पदा’ विषय पर नारी स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण को लेकर विशेष परिचर्चा का आयोजन हुआ, जिसमें प्रतिष्ठित हस्तियों ने हिस्सा लिया। मुख्य वक्ताओं में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एम्स गोरखपुर की कार्यकारी निदेशक (सेवानिवृत्त मेजर जनरल) डॉ. विभा दत्ता और गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन शामिल रहीं।
महापौर ने कहा कि स्वस्थ नारी से ही स्वस्थ परिवार, समाज और राष्ट्र का निर्माण होता है। नगर निगम द्वारा नारी स्वास्थ्य के लिए चलाए जा रहे प्रयासों का जिक्र करते हुए उन्होंने समन्वित प्रयासों से लक्ष्य हासिल करने पर जोर दिया।
एम्स की कार्यकारी निदेशक डॉ. विभा दत्ता ने महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर सहित अन्य बीमारियों की समय पर पहचान और निदान पर विशेष बल दिया। उन्होंने विभिन्न स्टेकहोल्डर्स के सहयोग से इन प्रयासों को सफल बनाने का आश्वासन दिया।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने महिलाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने की आवश्यकता बताई और कहा कि सशक्तिकरण के लिए नारी को लीडर की भूमिका में आगे आना होगा।
सीएमओ डॉ. राजेश झा ने स्वास्थ्य विभाग के नारी स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी दी, जबकि डॉ. दिव्या रानी सिंह ने पीसीपीएनडीटी कानून के प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए कन्या भ्रूण हत्या रोकने की अपील की।
परिचर्चा में स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस सत्र से नारी स्वास्थ्य और सशक्तिकरण के लिए ठोस रोडमैप तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।















