तीन दिवसीय वाइल्ड लाइफ फिल्मोत्सव की तैयारियां पूरी, 11 से 13 जनवरी तक होगा आयोजन

तीन दिवसीय वाइल्ड लाइफ फिल्मोत्सव की तैयारियां पूरी, 11 से 13 जनवरी तक होगा आयोजन

 

गोरखपुर । गोरखपुर महोत्सव 2026 के अंतर्गत लगातार चौथे वर्ष तीन दिवसीय वाइल्ड लाइफ, एनवायरनमेंट एवं इको टूरिज्म फिल्मोत्सव का आयोजन 11 से 13 जनवरी तक किया जाएगा। यह फिल्मोत्सव योगीराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह एवं संस्कृति केंद्र में प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 2:30 बजे तक चलेगा। प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा और इसमें भाग लेने के लिए उम्र की कोई बाधा नहीं होगी।

फिल्मोत्सव का उद्घाटन लोकप्रिय सांसद एवं अभिनेता रवि किशन शुक्ला करेंगे। आयोजन गोरखपुर वन प्रभाग, शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणी उद्यान, हेरिटेज फाउंडेशन एवं गोरखपुर नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में हो रहा है।

प्रभागीय वन अधिकारी विकास यादव एवं हेरिटेज फाउंडेशन की संरक्षिका डॉ. अनिता अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष फिल्मोत्सव और भी विशेष होगा। जैक्सन वाइल्ड 2024 लिगेसी अवार्ड से सम्मानित एवं तीन बार ग्रीन ऑस्कर प्राप्त प्रसिद्ध संरक्षणकर्ता व वाइल्ड लाइफ फिल्म निर्माता-निर्देशक माइक हरिगोविंद पाण्डेय की चयनित फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। ये फिल्में वन्यजीवों, उनके प्राकृतिक आवास और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करेंगी।

इसके अलावा गोरखपुर नगर निगम द्वारा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और हरित पहल से जुड़ी उपलब्धियों को रेखांकित करने वाली फिल्में भी दिखाई जाएंगी। आयोजकों के अनुसार यह फिल्मोत्सव केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि शिक्षा, जागरूकता और संवेदनशीलता का सशक्त माध्यम है।

ऑनलाइन क्विज में भाग लें, पाएं प्रमाण पत्र

डीएफओ विकास यादव ने बताया कि फिल्मोत्सव के दौरान ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता भी होगी। इसमें भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। क्विज में कोई शुल्क नहीं है। इसका उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों को पर्यावरण, वन्यजीव एवं जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों के प्रति जागरूक करना है।

डीएफओ विकास यादव ने कहा कि यह फिल्मोत्सव मात्र फिल्मों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि प्रकृति से जुड़ने की भावनात्मक और बौद्धिक यात्रा है। इसका लक्ष्य दर्शकों में वन्यजीवों, वनों और पारिस्थितिकी तंत्र के प्रति प्रेम, सम्मान और उत्तरदायित्व की भावना जागृत करना है। पर्यटन को संरक्षण का सहयोगी बनाना भी प्रमुख उद्देश्य है।

डॉ. अनिता अग्रवाल ने कहा कि यह फिल्मोत्सव जागृति का आंदोलन, संवेदना का सेतु और साझा संकल्प है। यह हमें याद दिलाता है कि यदि हम प्रकृति की कहानियां सुनते रहेंगे, तो प्रकृति भी हमारी आने वाली पीढ़ियों की कहानी को सुरक्षित रखेगी।

आयोजकों ने बताया कि वर्ष 2022 से यह फिल्मोत्सव गोरखपुर महोत्सव का अभिन्न हिस्सा है। हर वर्ष बड़ी संख्या में विद्यार्थी इसमें भाग लेते हैं। प्रतिकूल मौसम के बावजूद बच्चों और शिक्षकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी इसकी सफलता दर्शाती है। उन्होंने अपील की कि विद्यालय प्रबंधन और अभिभावक बच्चों को इस ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करें।

आयोजकों का विश्वास है कि यह फिल्मोत्सव जागरूकता बढ़ाएगा और समाज को पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदार बनाएगा।

Previous articleमिशन शक्ति अभियान–फेज 5 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 6 पुलिसकर्मी सम्मानित
Next articleविकसित भारत जी राम जी की खूबियों को जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत : वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here