मिशन शक्ति अभियान–फेज 5 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 6 पुलिसकर्मी सम्मानित

मिशन शक्ति अभियान–फेज 5 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 6 पुलिसकर्मी सम्मानित

गोरखपुर । महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान–फेज 5 के अंतर्गत गोरखपुर परिक्षेत्र के विभिन्न जनपदों में सराहनीय कार्य करने वाले 6 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। गोरखपुर रेंज के डीआईजी एस. चनप्पा ने इन पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

इस अवसर पर डीआईजी एस. चनप्पा ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं में सुरक्षा की भावना, आत्मविश्वास और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना भी है। उन्होंने कहा कि सम्मानित पुलिसकर्मियों द्वारा संवेदनशीलता, तत्परता और समर्पण के साथ किए गए कार्य वास्तव में प्रशंसनीय हैं और यह अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे।

डीआईजी ने कहा कि महिलाओं से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई, पीड़िताओं से मानवीय व्यवहार, जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता तथा मिशन शक्ति के उद्देश्यों को धरातल पर उतारने में इन पुलिसकर्मियों की भूमिका सराहनीय रही है। ऐसे प्रयासों से समाज में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत होता है।

सम्मान समारोह के दौरान यह भी कहा गया कि मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत स्कूल, कॉलेज, गांव एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी हेल्पलाइन (112, 1090, 181 आदि) की जानकारी देना बेहद जरूरी है। इस दिशा में पुलिस की सक्रिय भूमिका समाज में सकारात्मक बदलाव ला रही है।

कार्यक्रम के अंत में डीआईजी एस. चनप्पा ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और अपेक्षा जताई कि वे आगे भी इसी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहेंगे। साथ ही उन्होंने अन्य पुलिसकर्मियों से भी मिशन शक्ति अभियान को जन-आंदोलन बनाने की अपील की, ताकि महिलाएं स्वयं को सुरक्षित, सम्मानित और सशक्त महसूस कर सकें।

Previous articleजनशिकायतों के निस्तारण में जनपद को मिला प्रदेश में प्रथम स्थान, लगातार छठवीं बार अव्वल रहा संतकबीरनगर
Next articleतीन दिवसीय वाइल्ड लाइफ फिल्मोत्सव की तैयारियां पूरी, 11 से 13 जनवरी तक होगा आयोजन

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here