फार्मर रजिस्ट्री अभियान: प्रमुख सचिव से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, मंडलायुक्त सभागार में हुई समीक्षा
गोरखपुर। किसानों को सरकारी योजनाओं का पारदर्शी और समयबद्ध लाभ दिलाने के लिए चल रहे फार्मर रजिस्ट्री अभियान की प्रगति की समीक्षा के लिए बुधवार को मंडलायुक्त सभागार में महत्वपूर्ण बैठक हुई। प्रमुख सचिव, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े और प्रदेशभर में अभियान की स्थिति पर चर्चा की।
मंडलायुक्त अनिल ढींगरा की अध्यक्षता में हुई बैठक में गोरखपुर मंडल के अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति, आ रही चुनौतियों और उनके समाधान पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। मुख्य विकास अधिकारी/कार्यवाहक जिलाधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, अपर आयुक्त जय प्रकाश, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सहदेव मिश्रा सहित कृषि, राजस्व एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रमुख सचिव ने फार्मर रजिस्ट्री को शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए निर्देश दिए कि कोई भी पात्र किसान रजिस्ट्री से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि इस रजिस्ट्री से किसानों का प्रमाणिक डाटाबेस तैयार होगा, जिससे विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे और बिना किसी भेदभाव के पहुंचेगा। ग्राम स्तर पर जागरूकता अभियान तेज करने, शिविरों के माध्यम से अधिकतम पंजीकरण सुनिश्चित करने और तकनीकी समस्याओं का तुरंत निस्तारण करने पर जोर दिया।
मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि अभियान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह कार्य किसानों के भविष्य से जुड़ा है। राजस्व और कृषि विभाग के बीच बेहतर समन्वय, फील्ड स्तर पर निगरानी बढ़ाने और अधूरे दस्तावेजों वाले किसानों को मार्गदर्शन देकर रजिस्ट्री पूरी कराने के आदेश दिए।
कार्यवाहक डीएम/सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी ने बताया कि जनपद में अभियान को गति दी जा रही है। ग्राम पंचायतों में कैंप लगाकर समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। अपर आयुक्त जय प्रकाश और एडीएम सहदेव मिश्रा ने प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि फार्मर रजिस्ट्री की नियमित समीक्षा होगी और लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूर्ण कराया जाएगा, ताकि शासन की मंशा के अनुसार हर किसान को योजनाओं का लाभ समय पर मिले।















