यूपी-112 सेवा को और सुदृढ़ बनाने के लिए पीआरवी कर्मियों की गूगल मीट से समीक्षा गोष्ठी
बस्ती। आपातकालीन सेवा यूपी-112 को जनपद बस्ती में और बेहतर बनाने के लिए पुलिस ने सक्रियता दिखाई है। प्रभारी निरीक्षक यूपी-112 राणा देवेंद्र प्रताप सिंह ने पीआरवी कर्मियों के साथ गूगल मीट के माध्यम से महत्वपूर्ण समीक्षा गोष्ठी की। उद्देश्य पीड़ितों को त्वरित सहायता पहुंचाना, कॉलर संतुष्टि प्रतिशत बढ़ाना, रिस्पॉन्स टाइम में सुधार लाना और सीएम डैशबोर्ड एवं डिस्ट्रिक्ट पोर्टल की 10 बिंदु रैंकिंग में जनपद की स्थिति मजबूत करना रहा।
गोष्ठी में आगामी नववर्ष को ध्यान में रखते हुए भीड़-भाड़ वाले व संदिग्ध स्थानों पर लगातार गश्त करने, सजग व सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। पीआरवी कर्मियों को मैनुअल के अनुसार वर्दी धारण करने, वाहन को साफ-सुथरा रखने, रिस्पॉन्स टाइम पर विशेष ध्यान देने, कॉलर संतुष्टि बढ़ाने, जनता से सद्व्यवहार रखने, इवेंट स्थल पर साक्ष्यों व संदिग्ध वस्तुओं की फोटोग्राफी/वीडियोग्राफी करने तथा एटीआर में पूरी कार्यवाही विस्तार से अंकित करने के स्पष्ट आदेश दिए गए।
आरओआईपी कर्मियों को हर इवेंट पर लगाए गए एटीआर की मॉनिटरिंग करने और पीआरवी कर्मियों को विस्तृत एटीआर भरने में गाइड करने के निर्देश दिए। गंभीर इवेंट्स की जानकारी तुरंत उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
यूपी-112 जनपद बस्ती आपातकालीन सेवा को निरंतर मजबूत बनाने के लिए सतत प्रयासरत है। इस गोष्ठी से सेवा की गुणवत्ता में और सुधार की उम्मीद है, जिससे जनता को त्वरित व प्रभावी पुलिस सहायता मिल सके।















