नवागत सीडीओ राजेश कुमार सिंह ने देवरिया में संभाला कार्यभार, विकास योजनाओं पर गुणवत्ता व पारदर्शिता पर जोर
देवरिया। जनपद देवरिया के नवागत मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) राजेश कुमार सिंह (आईएएस) ने सोमवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने अधिकारियों के साथ संक्षिप्त बैठक की और अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दीं।
सीडीओ ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की सभी विकास योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने टीम भावना से कार्य करने पर बल देते हुए ग्रामीण विकास, पंचायती राज, मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़ी योजनाओं का विशेष उल्लेख किया। इनकी नियमित समीक्षा की जाएगी और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा, ताकि पात्र लाभार्थियों तक वास्तविक लाभ पहुंचे।
राजेश कुमार सिंह ने अधिकारियों-कर्मचारियों से पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की अपेक्षा जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर कार्य समय पर पूर्ण किए जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नवागत सीडीओ ने विकास कार्यों के साथ जनसुनवाई और फील्ड विजिट पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उनका उद्देश्य जमीनी हकीकत समझना और समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा कि जनपद को विकास के नए आयामों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।
इससे पूर्व राजेश कुमार सिंह गाजियाबाद विकास प्राधिकरण में सचिव के पद पर कार्यरत थे। हालिया प्रशासनिक फेरबदल में उन्हें देवरिया का सीडीओ नियुक्त किया गया है। उनके आने से जनपद में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जगी है।















