रायबरेली स्थापना दिवस पर भव्य महोत्सव की तैयारियां: राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बैठक संपन्न
रायबरेली। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने रायबरेली के स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाले ‘रायबरेली महोत्सव’ की तैयारियों की समीक्षा के लिए निरीक्षण भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में महोत्सव को सकुशल एवं भव्य रूप से संपन्न कराने हेतु संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।राज्यमंत्री ने निर्देश देते हुए कहा कि हम अपनी वैभवशाली सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करने एवं अगली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से रायबरेली स्थापना दिवस को ‘रायबरेली महोत्सव’ के रूप में 12 जनवरी 2026 को गुरु गोविंद सिंह पर्यावरणीय उद्यान, सिविल लाइन में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।बैठक में जनपद की अन्य प्रमुख समस्याओं जैसे धान खरीद व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, जनसामान्य से जुड़ी शिकायतों एवं उनके निदान पर भी चर्चा हुई। राज्यमंत्री ने अधिकारियों को इन सभी मुद्दों पर प्राथमिकता के साथ कार्रवाई करने की हिदायत दी।
बैठक में जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल यादव, सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका स्वर्ण सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।यह बैठक रायबरेली की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित एवं प्रचारित करने के साथ-साथ जनकल्याणकारी कार्यों को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।
राज्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि महोत्सव जन-भागीदारी से भव्य एवं यादगार होगा, जो जिले की पहचान को नई ऊंचाइयां देगा।















