डीएम ने ठंड व शीतलहर से बचाव के दृष्टिगत वृद्धाश्रम सियारा सांथा का किया निरीक्षण, वृद्धजनों का जाना कुशल-क्षेम
संतकबीरनगर। भीषण शीतलहर और कड़ाके की ठंड के बीच जिलाधिकारी आलोक कुमार ने संतकबीरनगर के अंतर्गत किसान सेवा संस्थान द्वारा संचालित वृद्धाश्रम सियारा सांथा का स्थलीय निरीक्षण किया। डीएम ने वृद्धजनों से व्यक्तिगत मुलाकात कर उनका कुशल-क्षेम जाना तथा ठंड से बचाव के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वृद्धजनों से वार्ता की और वृद्धाश्रम द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं, भोजन, नाश्ता, आवास, साफ-सफाई एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने वृद्धाश्रम संचालक को निर्देश दिए कि सभी सुविधाएं पूर्णतः सुव्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण रखी जाएं। विशेष रूप से ठंड से बचाव के लिए कंबल, गर्म कपड़े, हीटर एवं अन्य आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बताया गया कि वृद्धजनों के लिए ठंड से बचाव हेतु कंबल सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से कर दी गई हैं।इसके साथ ही डीएम ने केरमुआ में निर्माणाधीन नए वृद्धाश्रम का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं विभिन्न बिंदुओं पर संबंधित अधिकारियों से विस्तृत पूछताछ की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी, तहसीलदार खलीलाबाद आनंद ओझा, जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार, ओएसडी राकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।जिलाधिकारी ने कहा कि वृद्धजनों का सम्मान एवं उनकी सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शीतलहर के मौसम में उनकी देखभाल एवं सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। यह निरीक्षण वृद्धाश्रमों में बेहतर प्रबंधन एवं संवेदनशीलता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।















