पुरानी रंजिश में किशोर को मारी गोली, आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस को शव देने से किया इनकार

पुरानी रंजिश में किशोर को मारी गोली, आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस को शव देने से किया इनकार

गोरखपुर। पिपराइच थाना क्षेत्र के कोऑपरेटिव इंटर कॉलेज के खेल मैदान में शुक्रवार दोपहर पुरानी रंजिश के चलते 17 वर्षीय किशोर सुधीर भारती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव पुलिस को सौंपने से इनकार कर दिया और उसे अपने घर ले गए। मौके पर मान-मनौव्वल चल रहा है। मृतक सुधीर भारती नगर पंचायत पिपराइच, वार्ड नंबर एक, मुड़ेरी गढ़वा निवासी राजेश भारती का पुत्र था। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच तीन हमलावर कॉलेज परिसर में दाखिल हुए। सुधीर अपने दोस्तों के साथ खेल मैदान में खड़ा था।

आरोपियों ने उसे निशाना बनाते हुए बेहद नजदीक से गोली मारी, जो गले में लगी। गोली लगते ही किशोर मौके पर ही गिर पड़ा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। छात्र-छात्राएं इधर-उधर भागने लगे। हमलावर तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। परिजनों के अनुसार, तीन दिन पहले सुधीर का गांव के ही कुछ युवकों से विवाद हुआ था।

आशंका है कि इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने कॉलेज परिसर में घुसकर हत्या की।घटना की सूचना मिलते ही गुस्साए ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस की मना करने के बावजूद सुधीर का शव उठाकर आरोपियों के घर तक पहुंचकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने शव पुलिस को सौंपने से इनकार कर दिया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरन नय्यर, पुलिस अधीक्षक उत्तरी ज्ञानेंद्र, क्षेत्राधिकारी चौरीचौरा मनीष शर्मा सहित आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से मुलाकात कर शांति बनाए रखने की अपील की और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।पुलिस ने प्रारंभिक जांच में अपराधियों की पहचान कर ली है। शक के आधार पर एक बालिग और एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है, जिनसे गहन पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश में टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। कॉलेज परिसर की सीसीटीवी फुटेज, चश्मदीदों के बयान और अन्य सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।पुलिस ने कहा कि इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाया जा रहा है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

 

Previous articleपुलिस सैलरी पैकेज योजना: सड़क दुर्घटना में मृत स्व. उ.नि. अजय कुमार भारती के परिजनों को 40 लाख रुपये का डेथ क्लेम प्रदान
Next articleएस.आर. इंटरनेशनल एकेडमी में दो दिवसीय खेल महोत्सव का भव्य समापन: बालिकाओं ने कबड्डी में दिखाया दबदबा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here