यातायात माह-2025: गोण्डा पुलिस ने मूक-बधिर व्यक्तियों से संवाद के लिए सांकेतिक भाषा एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का सफल आयोजन किया

यातायात माह-2025: गोण्डा पुलिस ने मूक-बधिर व्यक्तियों से संवाद के लिए सांकेतिक भाषा एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का सफल आयोजन किया
गोण्डा। यातायात माह-2025 के अवसर पर पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल के निर्देशन में सड़क सुरक्षा जागरूकता के साथ दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। जनपदीय मूक एवं बधिर कल्याण संघ (DDDWA) के सहयोग से सांकेतिक भाषा (साइन लैंग्वेज) की विशेष कार्यशाला का सफल आयोजन हुआ, जिसमें पुलिस कर्मियों को मूक-बधिर नागरिकों से प्रभावी संवाद स्थापित करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यक्रम में संघ के पदाधिकारी वसीम खान (अध्यक्ष), अल्तमश रैनी (कोषाध्यक्ष), राहुल देव त्रिपाठी (महासचिव) एवं सद्दाम खान (सदस्य) ने पूर्ण निष्ठा एवं अथक परिश्रम के साथ ‘कान के प्रतीक चिन्ह योजना’ से जुड़े प्रशिक्षण दिए। कार्यशाला में सड़क सुरक्षा नियम, यातायात संकेत, आपात स्थिति में संवाद, दिव्यांगजनों के अधिकार एवं संवेदनशील पुलिसिंग के विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस प्रशिक्षण से पुलिस कर्मियों की सांकेतिक भाषा की समझ में उल्लेखनीय वृद्धि हुई, जिससे भविष्य में मूक-बधिर व्यक्तियों के साथ व्यवहार अधिक संवेदनशील, सहानुभूतिपूर्ण एवं प्रभावी होगा।
कार्यशाला के सफल समापन पर एसपी विनीत जायसवाल ने DDDWA के पदाधिकारियों की सराहना की और उन्हें प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रमों में निरंतर सहयोग की अपेक्षा जताई।
यह पहल सड़क सुरक्षा के साथ समावेशी एवं संवेदनशील पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। गोण्डा पुलिस का यह प्रयास समाज के हर वर्ग, विशेषकर दिव्यांगजनों के साथ विश्वास एवं सहयोग को मजबूत करेगा। ऐसे आयोजन न केवल जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि समानता, सम्मान और सामाजिक एकता की भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं.
Previous articleएसआर इंटरनेशनल एकेडमी में एनुअल स्पोर्ट्स कंपटीशन 26 दिसंबर से: तैयारियां पूरी, होनहार खिलाड़ी दिखाएंगे दम
Next articleएस.आर. इंटरनेशनल एकेडमी में दो दिवसीय एनुअल गेम्स का भव्य आगाज: पूर्व विधायक जय चौबे ने किया शुभारंभ

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here