पिपराइच विधानसभा में एसआईआर मैपिंग कार्य की समीक्षा
तहसील सदर में सुपरवाइजरों के साथ बैठक, सावधानियों पर दिए गए दिशा-निर्देश
गोरखपुर। 321-पिपराइच विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत जमा गणना/गढ़ना प्रपत्रों की मैपिंग प्रक्रिया की मंगलवार को तहसील सदर सभागार में समीक्षा बैठक हुई। अपर उप जिलाधिकारी सदर एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) सुदीप तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी सुपरवाइजर उपस्थित रहे।
अपर एसडीएम ने मैपिंग कार्य की विस्तृत समीक्षा की तथा बूथवार प्रगति जाँची। धीमी प्रगति वाले क्षेत्रों में गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसआईआर अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सुपरवाइजरों को हिदायत दी गई कि मैपिंग में मतदाता की पहचान, पता, उम्र, फोटो एवं अन्य विवरणों का सावधानीपूर्वक मिलान करें। डुप्लीकेट एंट्री न हो, मृतक, स्थानांतरित एवं अपात्र नाम चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। तकनीकी समस्या या डेटा विसंगति पर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित करें।
बीएलओ कार्यों की नियमित निगरानी कर शत-प्रतिशत शुद्ध एवं त्रुटिरहित मैपिंग करने के निर्देश दिए। लंबित प्रपत्रों का शीघ्र निस्तारण एवं निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने को कहा।
अपर एसडीएम ने जोर दिया कि एसआईआर से मतदाता सूची सटीक, पारदर्शी एवं भरोसेमंद बनेगी, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया मजबूत होगी। सुपरवाइजरों से आपसी समन्वय बनाए रखने एवं समस्याओं का त्वरित समाधान करने की अपील की। सभी ने दिशा-निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया।















