विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षणः रोल प्रेक्षक सिद्धार्थ जैन ने बूथों का निरीक्षण किया
राजनीतिक दलों के साथ बैठक, मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर जोर
गोरखपुर। अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर चल रहे विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के तहत भारत निर्वाचन आयोग के विशेष रोल प्रेक्षक सिद्धार्थ जैन (आईएएस, संयुक्त सचिव, सहकारिता मंत्रालय) ने मंगलवार को गोरखपुर का दौरा किया। उन्होंने 323-गोरखपुर ग्रामीण एवं 324-सहजनवा विधानसभा क्षेत्रों के चयनित बूथों का निरीक्षण कर पुनरीक्षण कार्यों की जमीनी हकीकत जाँची।
सायं पर्यटन भवन कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों-प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने पुनरीक्षण की अद्यतन प्रगति से अवगत कराया।
डीएम ने बताया कि गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है। बीएलओ द्वारा चिन्हित अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृतक एवं डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची तैयार कर बीएलए को उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि राजनीतिक दलों की सहभागिता से सूची सटीक एवं पारदर्शी बने। जिन दलों ने अभी तक बीएलए सूची नहीं दी, उनसे शीघ्र उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
पात्र नागरिक (जिनकी आयु 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूरी हो रही) फार्म-6 ऑनलाइन या ऑफलाइन भरकर बीएलओ को दे सकते हैं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कुमार सिंह एवं सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी शंकर मिश्रा उपस्थित रहे।
प्रेक्षक ने सभी दलों से सक्रिय सहयोग की अपील की ताकि मतदाता सूची पूर्णतः त्रुटिरहित बने।















