जेई/एईएस टास्क फोर्स बैठकः मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने सीएमओ को दिए सख्त निर्देश
मरीजों को बेवजह रेफर न करें, लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई
गोरखपुर। मंडलायुक्त अनिल ढींगरा की अध्यक्षता में सोमवार को आयुक्त सभागार में जेई/एईएस टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जेई/एईएस के बचाव, उपचार, रेफरल व्यवस्था एवं स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर विस्तृत चर्चा हुई।
मंडलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जेई/एईएस जैसी गंभीर बीमारी से निपटने के लिए सभी विभागों को पूर्ण समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभानी होगी। सभी सीएमओ अस्पतालों में आने वाले मरीजों को समय पर उचित एवं गुणवत्तापूर्ण इलाज सुनिश्चित करें। किसी भी मरीज को बिना ठोस कारण के रेफर न किया जाए। बेवजह रेफरल या इलाज में लापरवाही की शिकायत मिलने पर संबंधित चिकित्सक- अधिकारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने दो टूक कहा, “मरीजों की जान से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
बैठक में अस्पतालों में बेड, दवाएँ, ऑक्सीजन, जांच सुविधाएँ, प्रशिक्षित स्टाफ एवं एंबुलेंस की उपलब्धता की समीक्षा की गई। रोकथाम के लिए स्वच्छता, जल निकासी, फॉगिंग, टीकाकरण एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों को तेज करने के निर्देश दिए। पंचायती राज, नगर निकाय, शिक्षा एवं ग्रामीण विकास विभागों को सक्रिय भूमिका निभाने को कहा।
सीडीओ एवं सीएमओ को नियमित फील्ड निरीक्षण कर जमीनी हकीकत का आकलन करने तथा लापरवाही पर त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए। “कागजी रिपोर्ट से काम नहीं चलेगा, जमीनी स्तर पर परिणाम दिखें।”
बैठक में कुशीनगर, देवरिया, महाराजगंज एवं गोरखपुर के सीडीओ, सीएमओ, एडी हेल्थ, सीएमओ डॉ. राजेश झा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। मंडलायुक्त ने कहा कि निष्ठा एवं समर्पण से जनहानि को काफी हद तक रोका जा सकता है।















