ओवरहाइट गन्ना ट्रकों पर पुलिस का सख्त शिकंजा : सघन चेकिंग, चालकों को दी कड़ी चेतावनी
बस्ती। गन्ना सीजन में सड़कों पर दौड़ रहे ओवरहाइट और खतरनाक तरीके से लदे ट्रकों पर पुलिस ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक श्यामाकांत की अगुआई में क्षेत्राधिकारी यातायात प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने पूरी टीम के साथ फुटहिया, मनौरी सहित कई प्रमुख मार्गों पर सघन चेकिंग की।यातायात प्रभारी अवधेश तिवारी के नेतृत्व में टीम ने दर्जनों ओवरहाइट गन्ना लदे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और ट्रकों को रोका। चालकों को सख्त हिदायत दी गई कि ऊँचाई से ज्यादा गन्ना लादकर सड़क पर नहीं चलेंगे। बिजली के तारों से टकराने और दुर्घटना का खतरा पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।अभियान के दौरान सब इंस्पेक्टर सूर्य नारायण शुक्ला, सुरेश राजभर, नन्हेलाल, हेड कांस्टेबल कृष्णानंद पाण्डेय, कांस्टेबल चंद्रजीत यादव सहित पूरी यातायात टीम मौजूद रही।एसपी अभिनंदन ने कहा, “ओवरलोड और ओवरहाइट वाहन सड़क हादसों का बड़ा कारण बन रहे हैं। जनहानि और बिजली व्यवस्था को नुकसान बर्दाश्त नहीं होगा। अभियान लगातार चलेगा, नियम तोड़ने वालों की खैर नहीं।”चालकों ने वादा किया कि अब नियमों का पालन करेंगे, लेकिन पुलिस ने साफ कर दिया – अगली बार सिर्फ चालान नहीं, वाहन जब्ती और मुकदमा भी होगा।
बस्ती की सड़कें अब सुरक्षित करने की पूरी तैयारी है।















