एडीजी ज़ोन का सघन निरीक्षण : पुलिस लाइन से लेकर कार्यालय तक हर व्यवस्था पर कसौटी पर

एडीजी ज़ोन का सघन निरीक्षण : पुलिस लाइन से लेकर कार्यालय तक हर व्यवस्था पर कसौटी पर

 

गोरखपुर। गोरखपुर ज़ोन के एडीजी मुथा अशोक जैन ने सोमवार को जिले की पुलिस व्यवस्था की हकीकत परखने के लिए अचानक बड़ा निरीक्षण किया। पुलिस लाइन परिसर से लेकर एसएसपी कार्यालय की अंतिम फाइल तक, हर जगह उनकी पैनी नज़र रही। क्वार्टर गार्ड, आरटीसी, एमईएस, एमटी, कैंटीन, कार्यालयीन शाखाएँ—कहीं कुछ छिपा नहीं रह सका।निरीक्षण सुबह से शुरू हुआ और दोपहर बाद तक चला।

एडीजी ने खुद क्वार्टर गार्ड पहुँचकर ड्यूटी पर तैनात जवानों से बात की, हथियारों का रख-रखाव देखा, उपस्थिति रजिस्टर खंगाला और पूरे परिसर की सुव्यवस्था जाँची। आरटीसी में चल रहे प्रशिक्षण को देखकर उन्होंने प्रशिक्षकों को सख्त हिदायत दी—‘आधुनिक पुलिसिंग के हिसाब से ट्रेनिंग होनी चाहिए, पुराने ढर्रे नहीं चलेंगे।’वाहन शाखा (एमटी) में एडीजी ने हर गाड़ी की फिटनेस चेक की, मेंटेनेंस रजिस्टर देखे और स्पष्ट शब्दों में कहा, “गश्ती वाहन, पीसीआर वैन और आपातकालीन सेवाओं की गाड़ियाँ कभी भी खराब हालत में नहीं रहनी चाहिए। एक मिनट की देरी भी जान ले सकती है।”कैंटीन में सामान की क्वालिटी, रेट लिस्ट और बिलिंग व्यवस्था जाँचने के बाद उन्होंने कहा, “जवान दिन-रात ड्यूटी करते हैं, उन्हें घटिया सामान या महँगा सामान नहीं मिलना चाहिए।

पारदर्शिता और मानक दोनों बरकरार रहें।”पुलिस लाइन परिसर में जगह-जगह फैली गंदगी देखकर एडीजी ने नाराजगी जताई और तत्काल सुधार के आदेश दिए। उन्होंने कहा, “पुलिस लाइन पुलिस की शान होती है। यहाँ की साफ-सफाई और अनुशासन पूरे ज़िले की पुलिस की छवि बनाते हैं।”निरीक्षण के बाद एसएसपी कार्यालय में उच्चस्तरीय बैठक हुई। लंबित विवेचनाओं, फाइल निस्तारण में देरी, डिजिटल रिकॉर्ड अपडेट न होना, अनुशासनिक कार्रवाइयों समेत तमाम मुद्दों पर कड़ी चर्चा हुई।

एडीजी ने चेतावनी के लहजे में कहा, “लापरवाही और विलंब अब बर्दाश्त नहीं होगा। हर शाखा को टाइमलाइन के अंदर काम करना होगा। रिकॉर्ड में पूरी पारदर्शिता चाहिए।”बैठक में एडीजी ने अंतिम संदेश दिया “पुलिस की असली ताकत जनता का विश्वास है। अनुशासन, तत्परता और संवेदनशीलता ये तीन बातें हर पुलिसकर्मी के खून में होनी चाहिए।

”निरीक्षण के दौरान एसएसपी डॉ. राजकरन नय्यर, एसपी सिटी अभिनव त्यागी, एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र नाथ, एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी, एएसपी सुधीर जैसवाल, सीओ लाइन योगेंद्र सिंह, सीओ चौरी-चौरा मनीष शर्मा, कोतवाल ओमकार दत्त तिवारी, गोरखनाथ थानाध्यक्ष रवि सिंह, सीओ ऑफिस दीपांशी सिंह राठौर सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।एडीजी का यह निरीक्षण जिले की पुलिस व्यवस्था में सुधार की दिशा में एक सख्त लेकिन ज़रूरी कदम माना जा रहा है।

Previous articleकूड़े के ढेर से हरित पट्टी तकः एकला बंधे पर महापौर-आयुक्त ने लगवाए 2000 पौधे
Next articleकेशव हॉस्पिटल खलीलाबाद में निःशुल्क हड्डी-जोड़ रोग जांच शिविर संपन्न

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here