कूड़े के ढेर से हरित पट्टी तकः एकला बंधे पर महापौर-आयुक्त ने लगवाए 2000 पौधे
गोरखपुर। लंबे समय से कचरे के ढेर के लिए बदनाम एकला बंधे को अब हरा-भरा बनाने की मुहिम तेज हो गई है। शनिवार को नगर निगम ने महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव व नगर आयुक्त गौरव सिंह के नेतृत्व में विशाल श्रमदान एवं वृक्षारोपण अभियान चलाया। निगम के करीब 500 कर्मचारियों ने हाथों में फावड़ा उठाया और महज कुछ घंटों में 2000 छायादार, फलदार व औषधीय पौधे रोप दिए।
नगर आयुक्त गौरव सिंह ने बताया कि पिछले कई दिनों चले सघन सफाई अभियान से टनों कचरा हटाकर क्षेत्र को पूरी तरह साफ किया गया। अब यहीं कूड़े का ढेर था, वहाँ हरियाली की नई पट्टी विकसित की जा रही है। इसे शहर का मॉडल ग्रीन जोन बनाया जाएगा।
महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने खुद गड्ढा खोदा और पौधा लगाकर कर्मियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा, “स्वच्छता और हरियाली हम सबकी साझी जिम्मेदारी है। आज का श्रमदान शहर को ऑक्सीजन और छाया देने वाला स्मारक बनेगा।”
अपर नगर आयुक्तों, सभी जोनल अधिकारियों, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, सफाई निरीक्षकों सहित पूरी निगम टीम ने पसीना बहाया। कर्मचारियों ने पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री-गार्ड भी लगाए।
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का जोरदार स्वागत किया और कहा कि अब एकला बंधा अब “हरा बंधा” कहलाएगा। निगम ने ऐलान किया कि आने वाले दिनों में यहाँ हजारों और पौधे लगाए जाएंगे।















