बीएलओ अब उत्साह से कर रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण, ईआरओ सुदीप तिवारी ने की समीक्षा

बीएलओ अब उत्साह से कर रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण, ईआरओ सुदीप तिवारी ने की समीक्षा

गोरखपुर। 321 पिपराइच विधानसभा के इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (ईआरओ) और अपर उपजिलाधिकारी सुदीप तिवारी ने गुरुवार को सुपरवाइजर्स और बूथ लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ) के साथ बैठक कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि चार दिन पहले हुई बैठक में जानकारी मिली थी कि 408 बीएलओ में से 138 ने लॉगिन नहीं किया था और कई अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं कर रहे थे। लेकिन अब सभी बीएलओ सक्रिय हो गए हैं और अपने बूथों पर पहुंचकर उत्साह के साथ कार्य कर रहे हैं। जो बीएलओ पहले ड्यूटी कटवाने के लिए परेशान थे, वे अब अपने दायित्वों का उत्सुकता से निर्वहन कर रहे हैं।

ईआरओ सुदीप तिवारी ने जोर देकर कहा, “मतदाता सूची लोकतंत्र की रीढ़ है। इसकी शुद्धता, पारदर्शिता और समयबद्ध अद्यतन अनिवार्य है। यदि मतदाता सूची में त्रुटियां रह गईं, तो पूरी चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।” उन्होंने सहायक इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (एईआरओ) और सुपरवाइजर्स को निर्देश दिए कि पुनरीक्षण कार्य को पूरी गंभीरता से किया जाए। बीएलओ की भूमिका को सबसे महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि सुपरवाइजर्स बीएलओ को उनकी जिम्मेदारी का एहसास कराएं। बीएलओ को नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन और प्रविष्टियों की शुद्धता सुनिश्चित करने में कोई लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। 

ईआरओ ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची से किसी भी नाम को हटाने से पहले संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा, “किसी भी आपत्ति को लंबित न रखा जाए। सभी दावे और आपत्तियों का निस्तारण तय समयसीमा में हो। यह प्रक्रिया संवेदनशील और लोकतांत्रिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।” 

बैठक में एईआरओ, सुपरवाइजर्स और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। यह प्रयास गोरखपुर में मतदाता सूची की शुद्धता और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। 

Previous articleमतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, ईआरओ दीपक कुमार गुप्ता ने दिए कड़े निर्देश।
Next article2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू, मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के निर्देश- मुख्य निर्वाचन अधिकारी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here