2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू, मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के निर्देश- मुख्य निर्वाचन अधिकारी
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस क्रम में मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए गोरखपुर सहित सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों, जिलाधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारियों, ईआरओ और एईआरओ के साथ बैठक की। उन्होंने मतदाता सूची को त्रुटिरहित और शुद्ध बनाने पर जोर दिया।
रिणवा ने निर्देश दिए कि मतदाता सूची में धुंधली, काली, अस्पष्ट या गैर-मानक फोटो को तत्काल हटाकर स्पष्ट और मानक फोटो अपलोड की जाएं। दोहरी प्रविष्टियों को हटाने, मकान नंबर सही दर्ज करने और त्रुटिपूर्ण नामों को सुधारने के लिए बीएलओ को फॉर्म-8 भरवाकर एक माह के भीतर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने को कहा। उन्होंने बताया कि 18-19 आयु वर्ग के युवा मतदाताओं की संख्या कुल मतदाताओं के 4-4.5% होनी चाहिए। साथ ही, दिव्यांग मतदाताओं का चिन्हीकरण कर डेटाबेस में दर्ज करने और उन्हें भारत निर्वाचन आयोग के सक्षम मोबाइल ऐप के जरिए व्हीलचेयर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रति मतदान केंद्र पर मतदाताओं की संख्या 1500 से घटाकर 1200 कर दी है। इससे मतदान के दिन भीड़ कम होगी, लंबी कतारें नहीं लगेंगी और मतदाता आसानी से वोट डाल सकेंगे। इससे बीएलओ के लिए सत्यापन और रखरखाव भी आसान होगा।
उन्होंने सभी मतदान केंद्रों पर न्यूनतम सुविधाएं जैसे साफ पानी, अलग-अलग शौचालय, फर्नीचर, बिजली और दिव्यांगों के लिए स्थायी रैम्प सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, 83 वर्ष से अधिक उम्र के वयोवृद्ध मतदाताओं का शत-प्रतिशत सत्यापन कर 2027 में 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं का आंकलन करने के लिए निर्देश दिए, ताकि घर से वोटिंग की पात्रता का सही अनुमान लगाया जा सके।
रिणवा ने ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ और सुपरवाइजर्स को सघन प्रशिक्षण देने पर जोर दिया। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी दीपक मीणा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम वित्त विनीत कुमार सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जे.एन. मौर्य, ईआरओ/एसडीएम सदर दीपक गुप्ता, खजनी राजेश प्रताप सिंह, सहजनवां केसरीनंदन तिवारी, कैंपियरगंज सिद्धार्थ पाठक, गोला अमित जायसवाल, अपर एसडीएम सुदीप तिवारी, एसीएम प्रथम प्रशांत वर्मा, और नायब तहसीलदार आकांक्षा पासवान मौजूद रहे।















