मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, ईआरओ दीपक कुमार गुप्ता ने दिए कड़े निर्देश।
गोरखपुर। सदर तहसील सभागार में इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (ईआरओ) और एसडीएम सदर दीपक कुमार गुप्ता ने 322 नगर विधानसभा क्षेत्र के सुपरवाइजर्स और बूथ लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ) के साथ बैठक की। इस दौरान मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य पर विस्तृत चर्चा हुई। ईआरओ ने बीएलओ की भूमिका को लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की रीढ़ है। इसकी शुद्धता, पारदर्शिता और समयबद्ध अद्यतन अनिवार्य है, क्योंकि त्रुटियां पूरी चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती हैं।
ईआरओ ने शिक्षामित्र, पंचायत मित्र और ग्राम सेवकों के रूप में कार्यरत बीएलओ को उनकी जिम्मेदारी का एहसास कराया। उन्होंने निर्देश दिए कि नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन और अन्य प्रविष्टियों की शुद्धता सुनिश्चित की जाए। किसी भी स्थिति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने दो टूक कहा कि बीएलओ घर बैठकर मतदाता सूची का पुनरीक्षण नहीं करेंगे, बल्कि क्षेत्र में जाकर सक्रियता से कार्य करेंगे।
दीपक कुमार गुप्ता ने जोर दिया कि मतदाता आपत्तियों और दावों का निस्तारण तय समयसीमा में किया जाए। उन्होंने कहा, “यह प्रक्रिया संवेदनशील और लोकतांत्रिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। किसी भी आपत्ति को लंबित न रखा जाए।” मतदाता सूची में किसी भी त्रुटि को लोकतंत्र के लिए आघात बताते हुए उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में सहायक इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (एईआरओ) डिप्टी कलेक्टर तहसीलदार सदर ज्ञान प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार देवेंद्र यादव, नायब तहसीलदार आकांक्षा पासवान, और चुनाव कार्य देख रहे राजू सिंह सहित सुपरवाइजर्स और बीएलओ मौजूद रहे। यह बैठक मतदाता सूची की शुद्धता और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।















