स्टेडियम का कायाकल्प: डीएम ने लिया निर्माण कार्यों का जायजा
रायबरेली।जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने शुक्रवार को मोती लाल नेहरू स्टेडियम में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन बैडमिनटन हॉल, तरणताल, और बाउंड्रीवाल के कार्यों की बारीकी से जांच की। लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से संचालित इस परियोजना के लिए प्रथम किस्त के रूप में 5 करोड़ रुपये प्राप्त हो चुके हैं, जिसके तहत उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद द्वारा निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को सख्त निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और संबंधित अधिकारी नियमित रूप से कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा करें। यह परियोजना शहर के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है, जो न केवल खेल सुविधाओं को बढ़ावा देगी, बल्कि स्थानीय युवाओं को बेहतर अवसर भी प्रदान करेगी।
निरीक्षण के समय मुख्य विकास अधिकारी अर्पित उपाध्याय, जिला क्रीड़ाधिकारी धीरेन्द्र कुमार पुरुषोत्तम, और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। यह परियोजना रायबरेली के खेल प्रेमियों और नागरिकों के लिए एक नया आयाम स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।















