सुथनी वेस्ट इंटीग्रेटेड सिटी का निरीक्षण, नगर आयुक्त ने दिए तेजी के निर्देश।
गोरखपुर: नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने सहजनवा के सुथनी ग्रामसभा में 40 एकड़ में निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड गारबेज सिटी का निरीक्षण किया। इस परियोजना में प्लाजा तकनीक पर आधारित खतरनाक घरेलू कचरा निस्तारण (डोमेस्टिक हेजार्डस प्लांट) का निर्माण चल रहा है, जिसकी नींव का कार्य पूरा हो चुका है। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर जोर देते हुए इसे तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।
6.50 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस प्लांट की क्षमता प्रतिदिन 5 टन कचरे के निस्तारण की है। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत शुरू इस परियोजना का संचालन वीडीके फैसेलिटी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड कर रही है। कंपनी की डिप्टी सीईओ निकिता पाण्डेय ने नवंबर से कार्य शुरू होने की जानकारी दी और एक वर्ष में संचालन शुरू करने का आश्वासन दिया। नगर निगम ने फर्म को निर्माण के बाद दो वर्ष तक प्लांट के रखरखाव का जिम्मा भी सौंपा है।
नगर आयुक्त ने बताया कि यह परियोजना गोरखपुर को कचरा मुक्त बनाने के साथ-साथ चारकोल और बायो-सीएनजी उत्पादन से रोजगार और राजस्व बढ़ाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शिलान्यास की तैयारियां भी जोरों पर हैं।















