त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2026: मतदाता सूची तैयार, 15 जनवरी को अंतिम प्रकाशन
गोरखपुर, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2026 की तैयारियां जोरों पर हैं। राज्य निर्वाचन आयुक्त राज प्रताप सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गोरखपुर के जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी दीपक मीणा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम वित्त विनीत कुमार सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जे.एन. मौर्य, ईआरओ/एसडीएम सदर दीपक गुप्ता, ईआरओ/एसडीएम चौरी चौरा कुंवर सचिन सिंह और ईआरओ/एसडीएम खजनी राजेश प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर 1 जनवरी 2025 तक 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करें। साथ ही, विस्थापित या मृत मतदाताओं के नाम सूची से हटाने का कार्य भी सुनिश्चित किया जाए।
मतदाता सूची पुनरीक्षण का समयबद्ध कार्यक्रम
राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण के लिए समय-सारिणी जारी की है। बीएलओ 19 अगस्त से 29 सितंबर तक घर-घर सर्वेक्षण कर मतदाता जानकारी एकत्र करेंगे। ऑनलाइन आवेदन 22 सितंबर तक स्वीकार किए जाएंगे, जिनका सत्यापन 23 से 29 सितंबर तक होगा। 30 सितंबर से 6 अक्टूबर तक परिवर्तन, संशोधन और विलोपन की हस्तलिखित पांडुलिपियां सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण कार्यालय में जमा होंगी। ड्राफ्ट सूचियों का कम्प्यूटरीकरण 7 अक्टूबर से 24 नवंबर तक चलेगा। मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों की मैपिंग व सूची की डाउनलोडिंग 25 नवंबर से 4 दिसंबर तक होगी।
अंतिम सूची और दावे-आपत्तियां
5 दिसंबर को अनंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। 6 से 12 दिसंबर तक सूची का निरीक्षण और दावे-आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। इनका निस्तारण 13 से 19 दिसंबर तक होगा। पूरक सूचियों का कम्प्यूटरीकरण और मूल सूची में समायोजन 24 दिसंबर से 8 जनवरी 2026 तक पूरा होगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 जनवरी 2026 को होगा।















