फर्जी मुकदमों का जाल: बस्ती पुलिस ने तोड़ा धन उगाही गिरोह, सरगना सहित चार गिरफ्तार
बस्ती, उत्तर प्रदेश: थाना पैकोलिया और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई ने एक सनसनीखेज खुलासे के साथ फर्जी मुकदमों के जरिए धन उगाही करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह के सरगना अमरनाथ सहित चार अभियुक्तों मधु, दुर्गावती और पूनम को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह गिरोह धारा 156(3) सीआरपीसी के तहत बलात्कार और एससी/एसटी एक्ट में फर्जी मुकदमे दर्ज करवाकर लोगों से जबरन पैसे वसूलता था। पुलिस ने इस मामले में थाना कोतवाली पर मुकदमा संख्या 305/2025, धारा 308(6) बीएनएस के तहत कार्रवाई शुरू की है।
गिरोह का काला कारनामा
पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह सुनियोजित तरीके से काम करता था। सरगना अमरनाथ पुरानी रंजिश या संपत्ति विवाद वाले लोगों को निशाना बनाता था। वह महिलाओं को अपने गिरोह में शामिल कर उनके जरिए फर्जी शिकायतें दर्ज करवाता था। पीड़ितों को पहले डराया-धमकाया जाता, फिर पैसे न देने पर उनके खिलाफ माननीय न्यायालय में धारा 156(3) सीआरपीसी के तहत फर्जी मुकदमे दर्ज करवाए जाते। मुकदमा दर्ज होने के बाद पीड़ितों से मुकदमा वापस लेने के नाम पर भारी रकम वसूली जाती थी, अन्यथा जेल भेजने की धमकी दी जाती। इस गिरोह ने बस्ती जिले के विभिन्न थानों कोतवाली, पुरानी बस्ती, कप्तानगंज, दुबौलिया, गौर और हरैया—में कई फर्जी मुकदमे दर्ज करवाए, जिनमें पुलिस जांच के बाद अंतिम रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत की गई।
अमरनाथ: अपराध की दुनिया का पुराना खिलाड़ी
गिरोह का मास्टरमाइंड अमरनाथ का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उसके खिलाफ पहले से ही कई मामले दर्ज हैं, जिनमें अपहरण, धोखाधड़ी, जालसाजी, चोरी, आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। इस बार उसने महिलाओं को आगे कर एक संगठित गिरोह बनाया, जो आर्थिक लाभ के लिए लोगों को फंसाने का काम करता था। पुलिस अब अन्य सहयोगियों की तलाश में गहन जांच कर रही है।
पुलिस की कठोर कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम, जिसमें प्रभारी निरीक्षक पैकोलिया सुबाष मौर्या, उपनिरीक्षक अरविंद कुमार राय, अजय सिंह, पवन मौर्या और अन्य शामिल थे, ने इस गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस अब उन लोगों की पहचान कर रही है, जिनसे पैसे वसूले गए और इस धन का उपयोग कहां हुआ। इस मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है।















