जालसाज ने NIA अधिकारी बनकर ठगे लाखों, साइबर पुलिस ने दिलाए वापस
गोरखपुर। साइबर अपराधी नए-नए हथकंडों से लोगों की मेहनत की कमाई लूट रहे हैं, लेकिन योगी सरकार की साइबर पुलिस पीड़ितों का पैसा वापस दिलाने में मुस्तैद है। ऐसा ही मामला गोरखनाथ थाना क्षेत्र के आदित्य नगर, नथमलपुर निवासी इंद्रजीत शुक्ला के साथ हुआ। एक ठग ने व्हाट्सएप कॉल कर खुद को NIA अधिकारी बताकर डराया कि उनकी बात पाकिस्तानी आतंकवादियों से हो रही है। जालसाज ने धमकाया, “बताए खाते में पैसे जमा करो, वरना जेल जाओगे।” डर के मारे इंद्रजीत ने 13,87,456 रुपये ठग के खाते में ट्रांसफर कर दिए।
ठगी का पता चलने पर इंद्रजीत ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत की। साइबर थाना प्रभारी मोहम्मद राशिद खान, निरीक्षक सुभाष चंद्र, हेड कांस्टेबल उपेंद्र सिंह, कांस्टेबल प्रमोद यादव और वरिष्ठ उप निरीक्षक उपेंद्र सिंह की मेहनत से पीड़ित के खाते में पूरी राशि वापस कराई गई। रुपये मिलने की खबर से इंद्रजीत की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन साइबर पुलिस की तत्परता ने उनका भरोसा जीता। इंद्रजीत ने एसपी सिटी अभिनव त्यागी को बुके भेंटकर और उपेंद्र सिंह सहित पूरी साइबर पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।















